कोरोना से लड़ाई में साइंस और सच्चाई को बनाएं हथियार, अजीम प्रेमजी का बड़ा बयान

विप्रो के संस्थापक चेयरमैन अजीम प्रेमजी (Wipro founder chairman Azim Premji) ने बुधवार को कहा कि कोरोना वायरस संकट से निपटने की लड़ाई विज्ञान और सच्चाई पर टिकी होनी चाहिए और हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि इसकी पुनरावृत्ति ना हो. उन्होंने कहा कि इन्हीं मूल्यों के दम पर हम महामारी का मुकाबला कर सकते हैं. उन्होंने कहा, "हमें सभी मोर्चों पर बेहद तेजी से काम करना होगा और हमारे प्रयास विज्ञान पर आधारित होने चाहिए. हमें इस महामारी का मुकाबला इसके विस्तार और फैलाव के स्तर पर करना होगा."

ANI के मुताबिक उन्होंने कहा, "ऐसी परिस्थितियों में हमें एक राष्ट्र के रूप में एकजुट होना पड़ेगा. हमें अपने मतभेद भुलाने होंगे और परिस्थितयों को देखते हुए एकजुट होना होगा. एकता में ही शक्ति हैं और अलग-अलग लड़ने पर हमें संघर्ष करना पड़ेगा." विप्रो संस्थापक ने कहा कि हमें सबसे कमजोर तबके पर अपना ध्यान केंद्रित करना होगा. महामारी के चलते पूरी स्थिति दुखदायी हो गई है, लेकिन आप गांवों को देखिए और जो गरीबी में जी रहे हैं उन्हें देखिए. सबकुछ तहस नहस हो गया है. ये सिर्फ महामारी के चलते नहीं हुआ है, लेकिन अर्थव्यवस्था पर पड़े असर ने लोगों की जिंदगी को तबाह कर दिया है.

अजीम प्रेमजी ने कहा कि हमारी प्राथमिकता जरूरतमंद होने चाहिए जिन्हें आधारभूत सुविधाओं की आवश्यकता है. उन्होंने कहा कि महामारी से निपटने के बाद हमें अपने समाज और अर्थव्यवस्था को पुनर्गठित करना होगा, ताकि किसी भी तरह की असमानता और अन्याय ना रहे.