फ्रांस से राफेल की छठी खेप भारत के लिए रवाना, तीन फाइटर जेट ने भरी है उड़ान
राफेल विमान की छठी खेप फ्रांस से भारत के लिए रवाना हो चुकी है. लगभग आठ हजार किलोमीटर की दूरी तय कर ये लड़ाकू विमान भारत पहुंचेंगे. फ्रांस स्थित भारती दूतावासा ने बुधवार को यह जानकारी दी. इस खेप में राफेल के तीन विमान भारत आ रहे हैं. इसके भारत पहुंचने के साथ ही भारतीय बेड़े में राफेल विमानों की संख्या बढ़कर 21 हो जाएगी.
इससे पहले बीते 21 अप्रैल को फ्रांस के मैरीनेक हवाई अड्डे से सीधी उड़ान भरने के बाद राफेल विमानों की पांचवीं खेप भारत पहुंची थी. इन विमानों को फ्रांस और संयुक्त अरब अमीरात की वायुसेनाओं ने यात्रा के दौरान ईंधन मुहैया कराया था. इस राफेल के चार विमान भारत आए थे.
पांच राफेल विमानों का पहला जत्था 29 जुलाई 2020 को भारत पहुंचा था. इससे करीब चार साल पहले फ्रांस से 59,000 करोड़ रुपये में 36 राफेल विमान खरीदने का सौदा किया गया था. इन विमानों को पिछले साल 10 सितंबर को अंबाला में एक कार्यक्रम में आधिकारिक रूप से भारतीय वायुसेना में शामिल किया गया था.
तीन राफेल विमानों का दूसरा जत्था तीन नवंबर को भारत पहुंचा था, जबकि 27 जनवरी 2021 को तीन और विमान वायुसेना को मिले थे. वहीं, फ्रांस से तीन राफेल लड़ाकू विमानों का चौथा जत्था 31 मार्च की शाम को भारत पहुंचा था. फ्रांस से भारत आने के दौरान ये विमान रास्ते में कहीं भी नहीं रुके और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के वायु सेना टैंकरों ने आसमान में ही विमानों में ईंधन भरा.