लव जिहाद के खिलाफ कानून आज हो सकता है पारित; बहस के लिए कांग्रेस ने डेढ़ घंटे का समय मांगा, 15 मिनट मिले
बजट सत्र के छठवें दिन सोमवार 1 मार्च को लव जिहाद के खिलाफ लागू धर्म स्वातंत्र्य विधेयक 2021 पाारित हो सकता है। विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम ने सदन में इस विधेयक पर बहस करने के लिए मात्र 15 मिनिट का समय निर्धारित किया गया है। विधानसभा की कार्य मंत्रणा समिति की बैठक में कांग्रेस ने इस संवेदनशील कानून पर चर्चा करने के लिए डेढ़ घंटे का समय तय करने का सुझाव दिया था। विधानसभा में गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा धर्म स्वातंत्र्य विधेयक प्रस्तुत करेंगे।
सरकार इस कानून को 6 माह की अवधि के लिए अध्यादेश के माध्यम से 9 जनवरी 2021 को प्रदेश में लागू कर चुकी है। इसमें प्रलोभन देकर, बहलाकर, बलपूर्वक या मतांतरण करवाकर विवाह करने या करवाने वाले को एक से लेकर दस साल के कारावास और अधिकतम एक लाख रुपये तक से दंडित करने का प्रावधान है।
अध्यादेश लागू करने के बाद से 11 फरवरी तक 23 प्रकरण दर्ज हुए हैं। इनमें भोपाल संभाग में सात, इंदौर संभाग में पांच, जबलपुर व रीवा संभाग में चार-चार और ग्वालियर संभाग में तीन मामले दर्ज हैं।
विधानसभा में इसके अलावा निजी विश्वविद्यालय संशोधन, डॉ. बीआर आंबेडकर, पंडित एसएन शुक्ला और भोज मुक्त विश्वविद्यालय संशोधन विधेयक प्रस्तुत किए जाएंगे। पन्ना नेशनल पार्क के विस्तार के लिए विस्थापित किसानों को भू-अधिकार पुस्तिका न देने और छतरपुर में मेडिकल कॉलेज का निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं होने के मुद्दे ध्यानाकर्षण के माध्यम से उठाए जाएंगे।
MP का आर्थिक सर्वेक्षण जारी होगा
सरकार आगामी वित्तीय वर्ष 2021-22 का बजट 2 मार्च मंगलवार को विधानसभा में पेश करेगी। इससे एक दिन पहले यानी सोमवार को सरकार मध्य प्रदेश का आर्थिक सर्वेक्षण विधानसभा सदस्यों को सरक्यूलेट करेगी। हालांकि इस सर्वेक्षण को सदन पटल पर नहीं रखा जाता है।
पन्ना नेशनल पार्क से विस्थापितों का मामलाा उठेगा
पन्ना नेशनल पार्क से विस्थापित किसानों को भू-अधिकार पुस्तिका का मुद्दा भी विधानसभा में उठेगा। विधायक विक्रम सिंह ने इसको लेकर ध्यानार्षण लगाया है। इसमें कहा गया है कि नेशनल पार्क से विस्थापित किसानों को भू-अधिकार पुस्तिका नही दिए जाने के कारण आक्रोश की स्थिति उत्पन्न हो रही है। इस जवाब सदन में वन मंत्री विजय शाह देंगे।