पाक पर फतह की याद दिलाती मशाल शहर में घूमी तो लोगों ने बरसाए फूल

पाकिस्तान पर 1971 के युद्ध की फतह के शौर्य प्रदर्शन के लिए देशभर में निकाली जा रही मशाल यात्रा रविवार को शहर में निकली। इस दौरान विजय मशाल का सैनिक छावनी में मौजूद बटालियनों के सैनिकों ने सशस्त्र सलामी देकर स्वागत किया। इसके 55 मिनट बाद विजय मशाल हुरावली चौक पर पहुंची। यहां लोगों ने फूल बरसाकर स्वागत किया।

मशाल हुरावली चौक, सचिन तेंदुलकर मार्ग से होते हुए सिटी सेंटर पहुंची। यहां पर पुलिस बैंड ने विजय मशाल को सलामी दी गई और देशभक्ति की धुन बजाकर स्वागत किया गया। रास्ते में लोगों ने देशभक्ति के नारे लगाए। विजय मशाल की वापसी पर वायुसेना स्टेशन परिसर में अधिकारियों ने सलामी दी। इससे पहले सैनिक छावनी स्थित बाज स्टेडियम में लेफ्टिनेंट जनरल अशोक सिंह ने झंडी दिखाकर व मेजर शक्ति सिंह को मशाल सौंपकर विजय मशाल को शहर में मार्च के लिए रवाना किया। इस दौरान नागरिक परिषद ने मेजर शक्ति सिंह का सम्मान किया।

नागरिक परिषद के डॉ. राजेंद्र सिंह गुर्जर, डॉ. जेएस नामधारी, पारस जैन, आशीष अग्रवाल, डॉ. राघवेंद्र तोमर एवं फुटबॉल खिलाड़ियों ने फूल-मालाओं भी फूल बरसा कर स्वागत किया। रमन शिक्षा समिति के हरिओम गौतम ने भी मेजर शक्ति सिंह का सम्मान किया।