मध्य प्रदेश में मॉब लिंचिंगः पैसा वापस मांगने गए किसान को पीट-पीटकर मार डाला, 5 लोग घायल

हिंदुस्तान में मॉब लिंचिंग की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं. अब मध्य प्रदेश के धार जिले में मॉब लिंचिंग की दिल-दहला देने वाली वारदात सामने आई है. बुधवार को धार जिले के मनावर क्षेत्र के बोरलाई गांव में ग्रामीणों ने एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी, जबकि पांच लोगों को पीटकर घायल कर दिया. इन घायलों में से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है.

  • मृतक और घायलों ने खेत में काम करने के लिए दिए थे पैसे
  • काम नहीं करने पर मजदूरों से पैसा वापस मांगना पड़ा महंगा
  • ग्रामीणों ने लाठी, डंडों और पत्थरों से किसानों पर किया हमला

बताया जा रहा है कि मृतक और हमला करने वालों के बीच पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था. वहीं इस मामले को लेकर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने दुख जाहिर किया है. साथ ही उन्होंने ऐसी घटनाओं को मानवता को शर्मसार करने वाला करार दिया है. वहीं सीएम कमलनाथ ने मामले के जांच के आदेश भी दे दिए हैं.

मृतक और गंभीर रूप से घायल शख्स उज्जैन शहर के पास के रहने वाले हैं. इन्होंने अपने खेत में काम करने के लिए धार जिले के बोरलाई निवासी मजदूरों को पैसे दे रखे थे, लेकिन मजदूरों ने पैसा लेने के बावजूद काम नहीं किया था. इसी बात को लेकर 6 किसान बुधवार को बोरलाई पहुंचे और मजदूरों से काम पर चलने या फिर पैसा वापस करने को कहा. इसी को लेकर विवाद बढ़ गया.

इस दौरान शोर-शराबा होने पर ग्रामीण भी जुट गए. इसके बाद ग्रामीणों ने इन किसानों का पीछा किया और घेरकर गाड़ी में तोड़फोड़ की. इसके बाद ग्रामीणों ने किसानों के साथ जमकर मारपीट शुरू कर दी. मारपीट के दौरान गांववालों ने लाठी, डंडों और पत्थरों से हमला कर किसानों को बुरी तरह घायल कर दिया. इस जानलेवा हमले में एक किसान की मौत हो गई, जबकि पांच घायल हो गए.