जबलपुर से देवास होते हुए इंदौर-उज्जैन तक औद्योगिक कॉरिडोर विकसित होगा : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में औद्योगिक विकास का नया दौर शुरू हो चुका है। सरकार द्वारा निवेश को बढ़ावा देने के लिए अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। जबलपुर से देवास होते हुए इंदौर और उज्जैन तक औद्योगिक कॉरिडोर विकसित किया जा रहा है। इससे देवास में औद्योगिक विस्तार के लिए भूमि की उपलब्धता की समस्या का समाधान होगा।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज देवास में मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत आयोजित उद्यमी संवाद कार्यक्रम में सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार प्रदेश में औद्योगिक विकास को गति देने और निवेश के अनुकूल वातावरण तैयार करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। देवास जिले में औद्योगिक विकास की अपार संभावनाएं हैं और यहां संसाधनों की कोई कमी नहीं है। स्थानीय उद्यमियों के व्यापार और उद्योगों को प्रोत्साहन देना राज्य सरकार की प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों में आवश्यक बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। उद्यमियों के उत्पादों की गुणवत्ता और विभिन्न मानकों की जांच के लिए आधुनिक प्रयोगशाला स्थापित करने की दिशा में कार्य किया जाएगा। देवास के निकट देश का पहला डीप टेक रिसर्च पार्क भी विकसित हो रहा है, जिससे उद्योगों को अनुसंधान एवं आधुनिक तकनीक का लाभ मिलेगा।

औद्योगिक पार्कों में अब आवासीय गतिविधियों के प्रावधान

मुख्यमंत्री ने बताया कि औद्योगिक पार्कों में अब आवासीय एवं व्यावसायिक गतिविधियों के प्रावधान भी किए जा रहे हैं। इससे औद्योगिक क्षेत्रों में फाइव स्टार होटल, व्यावसायिक प्रतिष्ठान और श्रमिकों के आवास की सुविधाएं विकसित हो सकेंगी। उन्होंने कहा कि बिजली, पानी, सड़क सहित सभी आवश्यक सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सरकार और उद्यमियों का सहयोग निरंतर बना रहेगा तथा देवास के औद्योगिक विकास को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाएगा।