नेपाल में भूकंप से बिहार-बंगाल तक हिली धरती, 5.4 रही तीव्रता; चीन-भूटान-बांग्लादेश में भी असर

सुपौल. बिहार-बंगाल समेत पूर्वोत्तर भारत में मंगलवार सुबह भूकंप आया। इसका केंद्र नेपाल रहा। रिक्टेर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 5.4 रही। 2-3 सेकंड तक कंपन महसूस हुआ। भूकंप का असर चीन, भूटान और बांग्लादेश में भी रहा। अब तक किसी नुकसान की सूचना नहीं है। बिहार के सुपौल, समस्तीपुर, दरभंगा, भागलपुर समेत कई जिलों में सुबह 7:04 बजे भूकंप के झटके महसूस किए गए। पलंग और पंखे हिलने लगे। लोग घरों से बाहर निकल आए। बंगाल, सिक्किम, सिलिगुड़ी में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, उस समय कई लोग अपने रोजमर्रा के काम में लगे थे। कुछ लोगों को पहले लगा कि कोई भारी वाहन गुजर रहा है।
असम में रात को 2.5 तीव्रता का भूकंप
नेपाल में पहले असम के कार्बी आंगलोंग जिले में भी मंगलवार तड़के भूकंप आया। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के मुताबिक, सुबह 3:39 बजे 2.5 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। इसकी गहराई 15 किलोमीटर थी। भूकंप का केंद्र 25.743 उत्तरी अक्षांश और 93.355 पूर्वी देशांतर पर दर्ज किया गया।