कार चालक ने यातयात पुलिसकर्मी को बोनट पर लटका कर घसीटा, रोड़ पर गिरा तो सिर चोट लगने हुआ बेहोश, कारचालक सहित 3 गिरफ्तार

ग्वालियर. रेलवे स्टेशन के पास मॉल के सामने तिराहा पर ड्यूटी कर रहे यातायात के कांस्टेबल ने एक कार को रोकने का प्रयास किया तो कारचालक ने कार नहीं रोकी बल्कि सिपाही को कार से टक्कर मारकर घसीटते हुए ले गया। कांस्टेबल को टक्कर लगने के बार लगभग 100 मीटर तक कार के बोनट पर घसीटता चला गया। यह घटना बुधवार-गुरूवार की दरमियानी रात करीब 1 बजे की है।
घटना पास में स्थित होटलों और निजी मॉल के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई है। हालांकि अभी फुटेज सामने नहीं आये हैं। पुलिस सीसीटीवी की जांच कर रही है। एसपी ने मामले को संज्ञान में लेते हुए कड़ी कार्यवाही करने के निर्देश दिये है।
झांसी रोड यातायात थाने में पदस्थ सिपाही रवि विमल की शिकायत पर पुलिस ने सफेद रंग की अमेज कार नम्बर एमपी07सीजे 1124 के चालक 19वर्षीय अंकित गुर्जर निवासी कल्याणपुरा, राऊपुरा,, थाना गोरमी जिला भिंड, उसका दोस्त 35 वर्षीय मुनेन्द्र भदौरिया निवासी, हरिछा निवासी गोरमी भिंड और 26 वर्षीय सोहेल खान, गोहद जिला भिंड को गुरूवार की रात गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में पता चला है कि तीनों मजदूरी का काम करते है।
सिपाही रेसकोर्ड रोड पर गिरा था
कार चालक ने रेसकोर्स रोड की ओर तेज मोड़ लिया। जिससे झटका लगने पर कांस्टेबल सिर के बल सड़क पर गिर गया और घायल होकर बेहोश हो गया। तबतक कार चालक मौके से फरार हो चुका था। पास में मौजूद पड़ाव थाना पुलिस कर्मियों ने घायल आरक्षक को सड़कसे हटाकर किनारे किया। गनीमत रही कि उसे गंभीर चोट नहीं आयी। घटनाकी जानकारी मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पड़ाव थाना प्रभारी ने पुििलस बल के साथ कार्यवाही करते हुए फरार कार चालक और उसके दोनों साथियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
गाड़ी जीजा से मांगकर लाया था आरोपी
पुलिस पूछताछ में गाड़ी चला रहे आरोपी अंकित गुर्जर ने बताया कि वह अपने दोनों दोस्तों के साथ स्टेशन बजरिया में खाना खाने आया था। कार उसके जीजा धर्मेंद्र गुर्जर निवासी गोरमी की है, जिसे वह मांगकर लाया था।