MP में अवैध वसूली चेकिंग के नाम पर नहीं होगी – उमेश जोगा

ई-डिटेक्शन सेल से जारी होगा चालान, टोल प्लाजा के कैमरे करेंगे निगरानी,
भोपाल मध्यप्रदेश में चेकिंग के नाम पर होने वाली अवैध वसूली पर अब सख्ती से रोक लगेगी। टोल प्लाजा पर लगे कैमरों के जरिए वाहनों की निगरानी की जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के चालान ई-डिटेक्शन सेल के माध्यम से सीधे जारी किए जाएंगे। इससे मौके पर वाहन चालकों को रोककर अवैध वसूली की शिकायतें समाप्त होंगी। परिवहन आयुक्त कार्यालय द्वारा निर्देश जारी किए गए हैं कि राज्य में नेशनल हाईवे और स्टेट हाईवे पर संचालित टोल प्लाजा पर लगे कैमरों से वाहनों की मॉनिटरिंग की जाए। ओवरस्पीड, ओवरलोड, बिना परमिट, बिना फिटनेस व अन्य नियमों के उल्लंघन पर स्वतः चालान की कार्रवाई की जाएगी। चालान की सूचना वाहन मालिक के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर भेजी जाएगी। परिवहन विभाग का कहना है कि ई-डिटेक्शन सिस्टम लागू होने से पारदर्शिता बढ़ेगी और वाहन चालकों को बेवजह परेशान नहीं किया जाएगा। नियमों का पालन न करने वालों पर तकनीक के जरिए कार्रवाई सुनिश्चित होगी।
शुक्रवार को कार्यभार ग्रहण करेंगे नए परिवहन आयुक्त उमेश जोगा
मध्यप्रदेश के नए परिवहन आयुक्त के रूप में उमेश जोगा शुक्रवार को कार्यभार ग्रहण करेंगे। वे इससे पहले अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक के पद पर पदस्थ थे। उनके कार्यभार संभालने के बाद परिवहन विभाग में तकनीकी सुधारों और सख्त निगरानी व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की उम्मीद है।
प्रदेश भर में 30 दिन में 91 चोरी के वाहन जब्त
प्रदेश में पुलिस द्वारा चलाए गए विशेष अभियान के तहत बीते 30 दिनों में 91 चोरी के वाहन जब्त किए गए हैं। जांच के दौरान कई ऐसे वाहन पकड़े गए जिनके इंजन और चेसिस नंबर से छेड़छाड़ की गई थी। पुलिस द्वारा वाहन चोर गिरोहों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है।