दो वर्ष में पूर्ण हुए हैं विकास के अनेक असंभव कार्य : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि गत दो वर्ष में प्रदेश में विकास के कई ऐसे कार्य पूर्ण हुए हैं जो असंभव माने जाते थे। मध्यप्रदेश विकास के नए पैमाने गढ़ रहा है। प्रदेश में उद्योगों की स्थापना का कार्य तेजी से हो रहा है। औद्योगिक विकास दर उल्लेखनीय 24% प्राप्त की गई है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव शनिवार को लाल परेड ग्राउंड में मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के सांस्कृतिक कार्यक्रमों अवतार को संबोधित कर रहे थे।

वन्य प्राणी विकास

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में दो टाइगर रिजर्व भोपाल वन विहार और माधव नेशनल पार्क शिवपुरी हैं। यही नहीं नौ टाइगर रिजर्व अभयारण्य प्रदेश में हैं। प्रदेश में ओंकारेश्वर में 27वां अभयारण्य प्रारंभ हो रहा है, जिसका क्षेत्र खंडवा और देवास जिलों में रहेगा। मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि संस्कृति के क्षेत्र में प्रदेश को अनेक सौगातें मिली हैं।

उज्जैन में आए 7 करोड़ श्रद्धालु और पर्यटक

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी नेतृत्व में विरासत के संरक्षण के साथ विकास का कार्य हो रहा। सांस्कृतिक अनुष्ठान जारी है। उज्जैन में 7 करोड़ से अधिक पर्यटक और श्रद्धालु आए हैं।

चित्रकूट का होगा विकास

अयोध्या में भगवान श्रीराम मुस्कुरा रहे हैं। ओरछा और चित्रकूट प्रदेश के विशेष धार्मिक, आध्यात्मिक आस्था के केंद्र हैं। चित्रकूट में 28 करोड़ से अधिक राशि से अनेक विकास कार्य किए जाएंगे। गत 2 वर्ष में प्रदेश में तीन एयरपोर्ट दतिया, सतना और रीवा में प्रारंभ हुए हैं। आज उज्जैन की हवाई पट्टी के एयरपोर्ट के रूप में विकास के लिए एमओयू हुआ है।

पीएमश्री हेली पर्यटन सेवा का शुभारंभ सबसे पहले मध्यप्रदेश में

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पीएमश्री पर्यटन हेली सेवा प्रारंभ करने वाला मध्यप्रदेश देश का पहला प्रांत है। आने वाले 5 वर्ष में प्रदेश का बजट दोगुना हो जाएगा।

राज्य को मिली तीन अंतर्राज्यीय परियोजनाएं

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि तीन अंतर्राज्यीय सिंचाई परियोजनाएं प्रारंभ हुई है। केन-बेतवा, पार्वती-काली-सिंध-चंबल अंतर्राज्यीय परियोजना और ताप्ती मेगा परियोजना के माध्यम से प्रदेश का विशाल क्षेत्र सिंचित होगा। पेयजल व्यवस्थाओं के साथ उद्योगों को भी पानी मिलेगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भोपाल के इस ग्राउंड पर जुबिन नौटियाल जैसे कलाकार अपने दल के साथ विशेष कार्यक्रम प्रस्तुत कर रहे हैं। इसके साथ ही 500 कलाकार विश्वंद की प्रस्तुति दे रहे हैं।

तीन दिन कार्यक्रमों की धूम

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि स्थापना दिवस पर पहली बार तीन दिवसीय कार्यक्रम हो रहे। सम्राट विक्रमादित्य महानाट्य का मंचन दो दिन होगा। रविवार और सोमवार को यह प्रस्तुति देखने सभी लाल परेड ग्राउंड आएंगे। मन भावन सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ आने वाले 2 दिन राज्य उत्सव की धूम रहेगी। प्रदेश के विकास पर केंद्रित प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया जा सकता है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने समस्त नागरिकों को मध्यप्रदेश स्थापना दिवस की बधाई दी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि यहां का वातावरण देख कर ऐसा लग रहा है जैसे यहां स्वर्ग उतर आया है। यहां एक के बाद एक लघु फिल्म के आधार पर मध्यप्रदेश के विकास की कुछ झलकियां दिखाई गईं। बीते साल के साथ किए गए अलग-अलग काम जिसके बलबूते पर हर क्षेत्र में विकास के जो नए पैमाने गढ़े गए थे। शनै:-शनै: हम एक-एक कर उन सबको पार करते गए थे। चुनी हुई सरकार के माध्यम से मध्यप्रदेश राज्य को बेहतर से बेहतर मुकाम तक पहुंचाने के लिए लगातार पड़ाव दर- पड़ाव पार किए उस तरह की यात्रा में हम बढ़े हैं।

संस्कृति, पर्यटन और धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री धर्मेंद्र भाव सिंह लोधी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने मध्यप्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए हमेशा हमें अपना शुभाशीष दिया है। उनके मार्गदर्शन में हमारे लोकप्रिय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रदेश में विकास और प्रगति के उच्च आयाम गढ़ रहे हैं। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में "विकसित मध्यप्रदेश-2047" का रोड मैप तैयार किया जा चुका है। आज का यह आयोजन मध्यप्रदेश की विरासत से विकास तक की यात्रा को जन-जन तक पहुँचाने का महोत्सव है। हमारा मध्यप्रदेश केवल एक भौगोलिक भूखण्ड मात्र नही है, बल्कि भारत की आत्मा का प्रतीक है। जिस प्रकार हृदय संपूर्ण शरीर में जीवन का संचार करता है, उसी प्रकार मध्यप्रदेश ने अपनी संस्कृति और सृजन से भारत के प्राणतत्व को सशक्त किया है। इसलिए आज के इस आयोजन को 'अभ्युदय मध्यप्रदेश' की संज्ञा दी गई है।