प्रदेश के विद्यार्थी राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा और योग्यता करें स्थापित : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में बच्चों के लिए बेहतर भविष्य का अवसर है। प्रदेश के विद्यार्थियों को स्कूटी, लैपटॉप, साइकिल, कॉपी-किताबें सहित अनेक सौगातें मिल रही हैं। इसी क्रम में आज स्कूल शिक्षा विभाग के माध्यम से 12वीं बोर्ड परीक्षा में स्कूल के टॉपर रहे 7 हजार 832 बच्चों को स्कूटी दी गई है। यह प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की भावना के अनुरूप प्रतिभावान विद्यार्थियों को गति से आगे बढ़ने के लिए उपलब्ध कराया गया साधन है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हम स्कूटी से आगे बढ़ इन विद्यार्थियों को मंत्री और अधिकारी के रूप में देश-प्रदेश की व्यवस्थाओं का संचालन कर, जनसामान्य का कल्याण और सेवा करते हुए देखना चाहते हैं। मुख्यमंत्री गुरूवार को कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को निःशुल्क स्कूटी वितरण और 20 लाख से अधिक बालिकाओं को सैनिटेशन एवं हाइजीन के लिए 61 करोड़ रुपए से अधिक की राशि अंतरण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने परिसर में स्कूटी प्राप्त करने वाली छात्रा कु. हर्षिता के साथ स्कूटी की सवारी की और उपस्थित विद्यार्थियों का अभिवादन कर उनसे संवाद भी किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के साथ हितग्राही विद्यार्थियों ने समूह चित्र भी खिचवाया।

विश्व के बड़े से बड़े मंच की गरिमा प्रधानमंत्री श्री मोदी की मौजूदगी से ही होती है पूर्ण

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि वर्तमान में विश्व में भारत का समय चल रहा है। प्रधानमंत्री श्री मोदी स्वदेशी और आत्मनिर्भर भारत बनाने के लिए संकल्पित हैं। भारतीयों ने ऐतिहासिक रूप से हर मुश्किल परिस्थिति में अपनी क्षमता और योग्यता के आधार पर दुनिया में पहचान बनाई है। नेताजी सुभाषचंद्र बोस इसके सबसे बड़े उदाहरण हैं। ब्रिटिश राज के दौरान उन्होंने अपनी योग्यता के बल पर भारतीयता की श्रेष्ठता विश्व में स्थापित की। आज भारत में लोकतंत्र की सबसे अच्छी खूबसूरती है कि यहां सामान्यजन भी देश और राज्य का सर्वोच्च पद प्राप्त कर सकते हैं। प्रधानमंत्री श्री मोदी इसके श्रेष्ठतम उदाहरण है। वर्तमान में विश्व के बड़े से बड़े मंच की गरिमा प्रधानमंत्री श्री मोदी की मौजूदगी से ही पूर्ण होती है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बदलते दौर में भारत, विश्व में नई तकनीकें अपनाने में अग्रणी है। दुनिया भारत की ओर आशा भरी निगाहों से देख रही है। आज भारत अंतरिक्ष विज्ञान सहित सभी क्षेत्रों में प्रगति कर रहा है। प्रधानमंत्री श्री मोदी देश में हो रहे नवाचारों, खोजों और वैज्ञानिक प्रयासों को हर परिस्थिति में प्रोत्साहित कर रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विद्यार्थियों को स्वयं पर विश्वास रखने और उन्नति के लिए निरंतर प्रयत्नशील और संघर्षशील बने रहने के लिए प्रेरित किया।