प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में भारत बना शक्तिशाली राष्ट्र, अब सहन नहीं होगा अन्याय: मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत शक्तिशाली राष्ट्र के रूप में उभरा है। अब अन्याय सहन नहीं किया जाएगा। हमारी जांबाज सेना ने दुश्मनों को मुंहतोड़ जवाब देकर भारत की शक्ति का परिचय कराया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव बुधवार इंदौर में "हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता" अभियान की विशाल यात्रा में शामिल हुए। पूरा शहर राष्ट्र की आन-बान-शान तिरंगे के रंग में रंग गया। देशभक्ति के जोश और जुनून का अद्भूत वातावरण देखने को मिला। शहर देशभक्ति गीतों और वंदे् मातरम तथा भारत माता की जय के नारों से गूंज उठा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव और यात्रा का जगह-जगह भव्य स्वागत किया गया, जिसमें हजारों नागरिक सहभागी बने। समाज के हर वर्ग, हर जाति, हर धर्म के लोग जोश और जुनून के साथ शामिल हुए। नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय, जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट, सांसद श्री शंकर लालवानी, महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव, विधायकगण श्री रमेश मेंदोला, श्री गोलू शुक्ला, श्रीमती मालिनी गौड़, श्री महेंद्र हार्डिया, श्री मनोज पटेल, श्री मधु वर्मा, पूर्व विधायक श्री जीतू जिराती तथा श्री सुदर्शन गुप्ता, अनुसूचित जाति वित्त विकास निगम के अध्यक्ष श्री सावन सोनकर, सफाई कामगार आयोग के अध्यक्ष श्री प्रताप करोसिया, श्री सुमित मिश्रा तथा श्री श्रवण चावड़ा सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी साथ थे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है। यहां के नागरिकों को लोकतांत्रिक व्यवस्था तथा लोकतंत्र के प्रहरियों का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में हमारे तिरंगे की आन, बान और शान पहले से कहीं अधिक बुलंद हुई है। यह हमारे लिए गौरव का विषय है कि 15 अगस्त को हमारा देश 79वां स्वतंत्रता दिवस मनायेगा। इस अवसर को अविस्मरणीय बनाने के लिए "हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता" अभियान शुरू किया गया। इस अभियान के माध्यम से राष्ट्रीय पर्व को राष्ट्रीय उत्सव के रूप में मनाने के लिए सभी जिलों में तिरंगा यात्रा निकाली जा रही है। प्रधानमंत्री श्री मोदी के संकल्पों को मूर्त रूप देने के लिए जन-जन तक स्वच्छता की अलख जगाई जा रही है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने डिजिटल इंडिया के सपने को साकार करते हुए इंदौर नगर निगम के स्मार्ट इंदौर हेल्पलाइन (वाट्सएप चेटबॉट सेवा) का शुभारंभ भी किया। महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव ने इंदौर की स्वच्छता यात्रा की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इंदौर लगातार 8 वर्षों से देश में स्वच्छता में अव्वल है। इंदौर अब डिजिटल तकनीकी का उपयोग कर स्वच्छता के कार्यों तथा जनसमस्याओं के निराकरण को त्वरित और अधिक प्रभावी बना रहा है। उन्होंने आज से प्रारंभ हुई स्मार्ट इंदौर हेल्पलाइन के बारे में भी जानकारी दी। कार्यक्रम को श्री सुमित मिश्रा ने भी संबोधित किया।