लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम है सोशल मीडिया : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा है कि वास्तविक तथ्यों को जन-जन तक पहुंचने में सोशल मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका है, इस दृष्टि से सोशल मीडिया लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी सोशल मीडिया की इस क्षमता को पहचान कर सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म के माध्यम से जन-जन से निरंतर संवाद और संपर्क में रहते हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जनजातीय अनुसंधान संस्थान (टी.आर.आई.) द्वारा जनजातीय सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर के लिए आयोजित डिजिटल मार्केटिंग कार्यशाला के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए यह विचार व्यक्त किए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जनजातीय संग्रहालय में दीप प्रज्वलित कर तथा जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव को तुलसी का पौधा, रुद्राक्ष की माला और अंगवस्त्रम भेंट कर स्वागत किया गया। कार्यक्रम में इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ़ मैनेजमेंट इंदौर के निदेशक डॉ. हिमांशु रॉय मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित थे। अपर मुख्य सचिव तथा निदेशक टी.आर.आई श्री विनोद कुमार, बाल भारती के पूर्व अध्यक्ष श्री निशांत खरे, आयुक्त तथा सचिव जनसंपर्क श्री सुदाम खाड़े विशेष रूप से उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सोशल मीडिया का उपयोग कर व्यक्ति अपनी क्षमता, योग्यता और प्रतिभा को बहुत आसानी से बढ़ा सकता है, यह जनसामान्य को वर्तमान समय में उपलब्ध हुई सरल किन्तु महत्वपूर्ण और जीवन बदल देने वाली तकनीक है। प्रजातांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक व्यक्ति को आगे बढ़ने के अवसर समान रूप से उपलब्ध हैं, इस स्थिति में सोशल मीडिया की तकनीकों की उपलब्धता सौभाग्य का विषय है। इसके उपयोग से व्यक्ति अपनी क्षमता का लगातार विस्तार कर सकता है। सोशल मीडिया तकनीकों का उपयोग अपने व समाज के हित और प्रगति के लिए करना सभी के लिए लाभदायक है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी डिजिटल प्लेटफार्म पर सक्रिय होने के लिए सभी को प्रेरित व प्रोत्साहित कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नेताजी सुभाषचंद्र बोस का उदाहरण देते हुए कहा कि उन्होंने अपने संकल्प के बल पर इतिहास रचा। उन्होंने आईसीएस की परीक्षा में सफलता प्राप्त करने के बाद उसे तिलांजलि देकर विश्व में भारतीय प्रतिभा और योग्यता को स्थापित किया। भारतीय इतिहास वीर और पराक्रमी योद्धाओं तथा स्वतंत्रता सेनानियों से भरा है। परंतु कुछ महापुरूषों के पराक्रम और देश के लिए योगदान संबंधी जानकारी के प्रसार का अभाव रहा। महान शासक माने जाने वाले राजा अकबर को रानी दुर्गावती ने तीन बार परास्त किया। परंतु इसकी गूंज इतिहास में कम सुनाई देती है। समाज और इतिहास को प्रभावित करने वाली घटनाओं को जन-जन तक पहुंचाना और जागरूकता लाना सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स का प्रमुख दायित्व है।