विश्व धरोहर दिवस पर निकली हैरीटेज वॉक

“मध्यप्रदेश के प्राचीन स्मारक” विषय पर लगाई गई छायाचित्र प्रदर्शनी 
ग्वालियर पुरातात्विक महत्व की ऐतिहासिक विरासत के प्रति विद्यार्थियों एवं जन सामान्य को जागरूक करने के उद्देश्य से विश्व धरोहर दिवस पर “हैरीटेज वॉक” एवं “मध्यप्रदेश के प्राचीन स्मारक” विषय पर छायाचित्र प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। राज्य संरक्षित स्मारक वीरांगना लक्ष्मीबाई की समाधि से इस हैरीटेज वॉक को जिला पंचायत की अध्यक्ष दुर्गेश कुँवर सिंह जाटव ने हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। यहाँ से हैरीटेज वॉक मोतीमहल पहुँची और यहीं पर इसका समापन हुआ।
विश्व धरोहर दिवस के उपलक्ष्य में “मध्यप्रदेश के प्राचीन स्मारक” विषय पर मोतीमहल में लगाई गई छायाचित्र प्रदर्शनी का शुभारंभ जिला पंचायत की अध्यक्ष दुर्गेश जाटव द्वारा किया गया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं, आम नागरिकों को पुरातात्विक धरोहर को सहेजने, सदुपयोग करने एवं प्राचीन परंपराओं के अनुसार ऐतिहासिक विरासत को सुरक्षित रखने के लिये प्रेरित किया गया। यह प्रदर्शनी आम जनों के लिये सात दिनों तक नि:शुल्क खुली रहेगी।
कार्यक्रम में उप संचालक पुरातत्व अभिलेखागार पीसी महोबिया, पुरातत्व विशेषज्ञ डॉ. मनोज अवस्थी, डॉ. योगेश यादव, ओमप्रकाश दीक्षित सहित अन्य संबंधित अधिकारी व पुरातत्व प्रेमी मौजूद थे।