महाकुंभ भगदड़ में ग्वालियर के तीन लोग लापता

ग्वालियर. प्रयागराज महाकुंभ में बड़ा हादसा हो गया। रात को संगम घाट पर भगदड़ मच गई। इसमें 30 लोगों की मौत हो गई। यह हादसा अत्यधिक भीड़ के चलते हुआ। अचानक मची भगदड़ से किसी को संभलने का मौका नहीं मिला। इस मामले में डीआईजी महाकुंभ वैभव कृष्ण ने बुधवार शाम 6 बजे बाद मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि हादसा कैसे हुआ, इसमें कितनी जानें गईं। इसके बाद सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी भावुक होकर मृतकों के प्रति संवेदना व्यक्त की और उनके परिजनों के लिए 25 लाख रुपए के मुआवजे की भी घोषणा की।
ग्वालियर के तीन लोग लापता
महाकुंभ भगदड़ में मप्र के छतरपुर की महिला की मौत, दतिया-ग्वालियर के तीन लोग लापता हैं। प्रयागराज महाकुंभ में भगदड़ के दौरान छतरपुर की एक महिला की भी मौत हो गई, वहीं दतिया और ग्वालियर के तीन लोग लापता हैं। भगदड़ में छतरपुर जिले के सुनवाहा गांव निवासी महिला हुकुम बाई लोधी की मौत हो गई। बेटी दीपा लोधी (उर्फ बिन्ना) को मामूली चोटें आईं। पति रमेश लोधी, जेठ-जेठानी सहित कई लोग साथ थे। भगदड़ में फंसी बेटी को बचाने के लिए मां हुकुम लोधी भगदड़ में घुस गई, जहां बेटी तो बच गई लेकिन मां की जान चली गई।
दतिया में स्थानीय ठंडी सड़क निवासी हरदास कुशवाह, पत्नी राजकुमारी कुशवाह व बड़े बेटे की बहू प्रियंका के साथ प्रयागराज महाकुंभ में मौनी अमावस्या के मौके पर स्नान के लिए गए थे। भगदड़ में राजकुमारी लापता हो गईं। ग्वालियर के भितरवार के वार्ड 6 निवासी हरि साहू और उनकी पत्नी शकुंतला साहू 27 जनवरी को ट्रेन से प्रयागराज गए थे। स्वजन के अनुसार, मंगलवार की शाम 5 बजे तक फोन पर बात हुई थी। भगदड़ के बाद से ही उनसे संपर्क नहीं हो रहा है। उनके साथ गए डबरा पिछोर के ग्राम पुट्टी निवासी अमर सिंह कुशवाहा ने फोन पर बताया कि दंपति बिछड़ गया है।