ग्वालियर में ढाबे पर नर्सिंग स्टूडेंट ने दिया एग्जाम, खुलेआम की नकल
ग्वालियर. एक ढाबे के बाहर नर्सिंग छात्र खुलेआम नकल कर एग्जाम देते हुए नजर आए। नर्सिंग छात्र संगठन के जिला अध्यक्ष उपेंद्र सिंह गुर्जर ने उन्हें रंगेहाथ पकड़ा और उनका वीडियो बना लिया। उन्होंने नकल माफिया के खिलाफ भोपाल में दो दिन बाद बड़े प्रदर्शन की चेतावनी दी है। बता दें कि छात्रों का ये वीडियो मुरैना रोड हाईवे के एक ढाबे पर मंगलवार का है, जो गुरुवार को सामने आया। यहां ढाबे के बाहर GNM (जनरल नर्सिंग एंड मिडवाइफरी) के सेकंड और थर्ड ईयर के दो छात्र एप्रिन पहनकर प्रैक्टिकल परीक्षा दे रहे थे। वे कॉपी खाेलकर बेखौफ नकल कर रहे थे।
छात्रों ने बताया कि दलाल ने दिलवाया एडमिशन
जिला अध्यक्ष उपेंद्र ने बताया कि मैं मुरैना से ग्वालियर लौट रहा था। ढाबे पर दो नर्सिंग छात्र परीक्षा देते नजर आए। मैं उनके पास गया और वीडियो बनाया। जब मैंने पूछा कि किस कॉलेज को हो और यहां ढाबे पर क्यों एग्जाम दे रहे हो। तो उन्होंने बताया कि नर्सिंग के दलाल के जरिए एडमिशन लिया। कॉलेज आज तक नहीं देखा। दलाल ने गाड़ी से ढाबे पर उतार दिया और कॉपियां दे दी।
सीएम से करेंगे नकल माफिया पर कार्रवाई की मांग
नर्सिंग छात्र संगठन के जिला अध्यक्ष उपेंद्र सिंह गुर्जर ने कहा कि ग्वालियर चंबल अंचल के साथ प्रदेश भर में नर्सिंग शिक्षा पर माफियाओं ने कब्जा कर रखा है। ये जबलपुर मेडिकल यूनिवर्सिटी के अधिकारियों की मदद से प्रदेश में नर्सिंग शिक्षा में जहर घोल रहे हैं। ये मोटा मुनाफा कमाकर प्रदेश के युवाओं का भविष्य खत्म कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भोपाल में दो दिन बाद मुख्यमंत्री को ज्ञापन देकर नकल माफिया पर कार्रवाई की मांग करेंगे।