इंदौर से अगवा अक्षत को पुलिस ने ऐसे किया रेस्क्यू

इंदौर से अपहृत हुए 6 साल के अक्षत को पुलिस ने सागर से बरामद कर लिया है. इंदौर पुलिस अक्षत को लेकर हीरा नगर थाने पहुंच गई है. बच्चे को सही सलामत पाकर परिजनों में खुशी है. पूरे मामले में सीएम कमलनाथ ने तत्परता दिखाने पर पुलिस को बधाई दी है. सीएम ने पुलिस महकमे को ऐसे मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं. पुलिस के अनुसार 500 से ज्यादा सीसीटीवी, 2 दर्जन कॉल डिटेल और एक दर्जन संदिग्धों से पूछताछ के बाद हीरानगर थाना इलाके से अपह्रत अक्षत को ढूंढ़ने में पुलिस को सफलता मिली. पुलिस के अनुसार अपहरण की वजह आपसी विवाद भी हो सकता है.

इंदौर डीआईजी हरिनारायण चारी मिश्रा ने बताया कि रविवार को बच्चों के साथ बगीचे में खेल रहे 6 साल के बच्चे का दिनदहाड़े अपहरण हो गया था. इसके बाद बदमाशों ने कुछ देर बाद बच्चे के पिता को फोन कर बच्चे की रिहाई के एवज में 10 लाख रुपये की फिरौती मांग ली. पुलिस को सीसीटीवी कैमरे से दो बदमाशों के फुटेज मिले थे, जिसके बाद पुलिस ने फोन नंबर और फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की. इस मामले में अब तक दो आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और पुलिस बाकी आरोपियों की तलाश कर रही है. पुलिस के अनुसार मामले के तार उत्तरप्रदेश से भी जुड़े हो सकते हैं.