MP यूथ कांग्रेस अध्यक्ष मितेंद्र दर्शन सिंह के खिलाफ ग्वालियर में एफआइआर दर्ज
ग्वालियर. यूथ कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष मितेंद्र दर्शन सिंह पर पड़ाव थाना पुलिस ने एफआइआर दर्ज की है। मितेंद्र पर लोकसेवक के आदेश के उल्लंघन का मामला दर्ज किया गया है। प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद 12 अप्रैल को मितेंद्र शपथ लेने के लिए भोपाल जा रहे थे। इससे पहले फूलबाग मैदान में 50 गाड़ियों के काफिले के साथ पहुंचे। जब पुलिस ने रोका तो यहां नोंक-झोंक भी हुई थी। मितेंद्र के पास दो गाड़ियों को साथ ले जाने की अनुमति थी, लेकिन काफिले में करीब 50 गाड़ियां थी। इसी के चलते पड़ाव थाना पुलिस ने सहायक रिटर्निंग अधिकारी की रिपोर्ट पर एफआइआर दर्ज की है।
ग्वालियर के पिंटो पार्क इलाके में रहने वाले कांग्रेस नेता मितेंद्र दर्शन सिंह को हाल ही में यूथ कांग्रेस का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। 12 अप्रैल को मितेंद्र अपने पिंटो पार्क स्थित घर से फूलबाग पहुंचे। यहां से उनके साथ करीब 50 गाड़ियां निकली। फूलबाग मैदान पर यह लोग एकत्रित हुए। यहां से मितेंद्र शपथ के लिए रवाना हो रहे थे। उनके साथ करीब 50 गाड़ियों का काफिला निकला। पुलिस ने रोक लिया। जब इतनी संख्या में गाड़ी साथ ले जाने की अनुमति मांगी तो यहां नोंक-झोंक भी हुई।