आचार्य श्री विद्यासागर महाराज के नाम से होगा सागर में आयुर्वेद मेडिकल कॉलेज - मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि डॉ. हरिसिंह गौर की नगरी सागर ने शिक्षा के क्षेत्र में देश का नेतृत्व किया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव सागर के पीटीसी ग्राउंड में विश्वविद्यालय के डिजिटल लांच के लिए आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने रिमोट का बटन दबाकर रानी अवंती बाई लोधी विश्वविद्यालय का शुभारंभ किया। डॉ. यादव ने कहा कि यह विश्वविद्यालय इसी सत्र से शुरू होगा। विश्वविद्यालय के लिए भवन भी बनाया जाएगा।

डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश की धरती शिक्षा क्षेत्र में देश का मुख्य केन्द्र है। भगवान श्री कृष्ण ने संदीपनी आश्रम उज्जैन में शिक्षा ली थी, वहीं शिक्षाविद् डॉ. हरिसिंह गौर ने बुंदेलखंड की धरा पर शिक्षा की मशाल जलाई। उन्होंने कहा कि मेरा मत है कि डॉ. हरिसिंह गौर को भारत रत्न मिलना चाहिए। प्रदेश के 55 जिलों में सागर एक मात्र जिला है, जहां दो विश्वविद्यालय है। मध्यप्रदेश सरकार ने 90 दिन के भीतर अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लेकर उनका क्रियान्वयन करवाया है। 52 दिन पहले सागर में वीरांगाना रानी अवंती बाई लोधी के नाम पर राजकीय विश्वविद्यालय की स्थापना की घोषणा की गई थी, जिसे आज मूर्तरूप दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों से प्रतिभावान नागरिकों की पौध तैयार होती है। युवाओं के हाथ में केवल कागज की डिग्री ही नहीं बल्कि हुनर भी होना चाहिए। इसी परिप्रेक्ष्य में नई शिक्षा नीति के तहत शिक्षा का समूचा ढांचा तैयार किया जा रहा है, जिसका श्रेय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी को है। नई शिक्षा नीति में कौशल के साथ संस्कार देने के पाठ्यक्रम भी शामिल किये गये हैं। सागर के नये विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों के सुझाव पर पाठ्यक्रम चालू किये जायेंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि 20 जनवरी को सागर में आयुर्वेद मेडिकल कॉलेज खोलने की घोषणा की थी। उन्होंने आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज के नाम पर आयुर्वेद कॉलेज की घोषणा की। उन्होंने कहा कि आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज के प्रति यह सच्ची श्रद्धांजलि होगी। डॉ. यादव ने संत रविदास के नाम से मार्ग के निर्माण की घोषणा की। जनप्रतिनिधियों की मांग पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बंडा और मकरोनिया के शासकीय कॉलेज में स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम और केसली में स्नातक स्तर पर विज्ञान संकाय भी प्रारंभ करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि गंभीर और त्वरित इलाज के लिए प्रदेश के जिलों में एयर एंबुलेंस की सुविधा मुहैया कराई जा रही है, जिसमें सागर भी शामिल रहेगा। सागर को हवाई यात्रा से भी जोड़ा जाएगा। राज्य सरकार ने 12 सीटर वाले छोटे हवाई जहाज संचालित करने का भी निर्णय लिया है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सिरोंजा गांव के एक बच्चे मोहित राजपूत की किडनी ट्रांसप्लांट के लिए शासन की ओर से 5 लाख रू. की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सरकार किसी को भी कष्ट नहीं होने देगी। उन्होंने एक अन्य कैंसर पीड़ित 13 वर्षीय ओमप्रकाश काक्षी के इलाज के लिए आर्थिक सहायता के लिये कलेक्टर श्री दीपक आर्य को प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए।

मंत्री श्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि सागर में विगत 13 वर्ष से जनप्रतिनिधियों, नागरिकों, विद्यार्थियों द्वारा लगातार राज्य स्तरीय विश्वविद्यालय की मांग की जा रही थी।  मुख्यमंत्री ने गत 20 जनवरी को सागर में पहली बार आगमन पर ही रानी अवंती बाई लोधी राजकीय विश्वविद्यालय की घोषणा की थी। मंत्री श्री राजपूत ने डॉ. हरिसिंह गौर को भारत रत्न की उपाधि से अलंकृत करने की भावना को केन्द्र सरकार तक पहुंचाने का अनुरोध मुख्यमंत्री डॉ. यादव से किया। सांसद श्री राजबहादुर सिंह और विधायक श्री शैलेन्द्र जैन ने कहा कि रानी अवंती बाई लोधी विश्वविद्यालय की स्थापना और उसे इसी सत्र से शुरू करने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. यादव को जिले वासियों की ओर से धन्यवाद ज्ञापित किया।