ग्वालियर में झपट्टा मारकर बदमाश मंगलसूत्र और सोने की चेन लूट ले गए

ग्वालियर. शहर में लुटेरों का आतंक खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। एक बार फिर पैदल जा रही महिला के साथ लूट की वारदात हुई है। महिला अपने मायके से लौट रही थी, इसी दौरान बाइक पर सवार होकर आए तीन लुटेरों ने महिला के गले पर झपट्टा मारा। महिला की सोने की चेन और मंगलसूत्र लूट ले गए। यह घटना दो दिन पहले की है। महिला थाने भी पहुंची थी, लेकिन महिला को अगले दिन आकर एफआइआर करवाने के लिए कहा गया। महिला दूसरे दिन पहुंची तब एफआइआर लिखी गई। यह घटना महाराजपुरा थाना क्षेत्र की है। फिलहाल लुटेरे पकड़े नहीं जा सके हैं।
महाराजपुरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आदित्यपुरम स्थित ग्रीनवुड स्कूल के पीछे रहने वाले सुरेंद्र शर्मा निजी कंपनी में काम करते हैं। मालनपुर स्थित कंपनी में वह काम करते हैं। सुबह ही काम पर निकल जाते हैं। उनकी पत्नी मालती शर्मा आठ मार्च को अपने दोनों बेटों के साथ मायके गई थीं। इस दिन शिवरात्रि भी थी। शाम को पूजा होने के बाद वह दोनों बेटों के साथ पैदल घर लौट रही थीं। जैसे ही वे घर के पास पहुंचीं तो बाइक सवार तीन बदमाश आए और पीछे बैठे बदमाश ने गले पर झपट्टा मारते हुए सोने की चेन व मंगलसूत्र लूट लिया। लूट होते ही मालती ने शोर मचाया। शोर सुनकर आसपास के लोग इकठ्ठे हो गए। लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। महाराजपुरा थाने की फोर्स आई, फिर मालती भी थाने पहुंचीं। थाने में कहा गया- एफआइआर 24 घंटे बाद होगी। वह शनिवार को एफआइआर करवाने के लिए पहुंचीं। महाराजपुरा थाना पुलिस ने एफआइआर दर्ज कर ली है, लेकिन आरोपित अभी पकड़े नहीं जा सके हैं। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, इसमें भी लुटेरे नजर आए हैं।