बस और ट्रैक्टर -ट्रॉली के बीच हुई दुर्घटना में 20 घायल, नशे में था बस ड्राइवर
ग्वालियर. हजीरा-पुरानी छावनी के बीच ट्रिपल आईटीएम सस्थान के सामने एक तेज रफ्तार बस ने आगे जा रहे ट्रैक्टर -ट्रॉली में टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बस पलट गयी और ट्रैक्टर पर सवार लोग भी उछलकर नीचे जा गिरे। हादसे में बस और ट्रैक्टर -ट्रॉली में सवार 20 यात्री घायल हो गये। जिनमें से 16 को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से एक की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसा बुधवार की रात हुआ है। बस में सवार घायल यात्रियों का कहना है कि बस चालक मुरैना से हीह वा से बातें कर रहा था। बस ओवरलोड थी, लेकिन वह दौडाये जा रहा था। पुलिस ने घायलों के बयान दर्ज कर लिये और आगे की पड़ताल कर रही है।
क्या है पूरा मामला
मुरैना बस स्टैंड से एक बस यात्रियों को लेकर बुधवार की शाम ग्वालियर के लिए निकली थी। बस पुरानी छावनी होते हुए अभी अटल द्वारा के पास पहुंची थी। यहां बस के चालक ने बस में सवार यात्रियों की अदला बदली की और कुछ यात्रियों को एक अन्य बस नंबर नंबर MP06 P-1411 में बैठाया। यह बस अटल द्वार से होते हुए अभी ट्रिपल आईटीएम संस्थान के पास पहुंची ही थी कि आगे जा रहे मजदूरों से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। बस ने ट्रैक्टर में टक्कर मारी और पलट गई, जबकि बस की टक्कर से ट्रैक्टर में सवार मजदूर उछलकर सड़कों पर आ गिरे। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में चीख पुकार मच गई। हादसे में चार लोग बस के नीचे दबे थे। जिस पर शहर में 4 लोगों की कुचलकर मौत की सूचना वायरल हो गई। घटना की सूचना मिलते ही सीएसपी महाराजपुरा नागेन्द्र सिंह सिकरवार सहित पुरानी छावनी, हजीरा थाना का फोर्स मौके पर पहुंचा और घायलों को बचाने के लिए रेस्क्यू किया है। किसी की भी जान नहीं जाने से पुलिस ने राहत की सांस ली है। पुलिस ने बस के नीचे दबे चार घायलों सहित 8 घायलों को बाहर निकाला है। जिनमें से चार गंभीर घायलों को जेएएच के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया है, जबकि ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार 12 घायलों को हजीरा सिविल अस्पताल मंे भर्ती कराया गया है।
हादसे में यह हुए घायल
इस हादस में बस में सवार यात्री 47 वर्षीय योगेन्द्र सिंह चौहान निवासी डीडी नगर, 65 वर्षीय जगदीश सिंह राजपूत थाटीपुर, 45 वर्षीय यशवंत झा निवासी घासमंडी किलागेट, राकेश निवासी ग्वालियर के अलावा ट्रैक्टर में सवार 30 वर्षीय हरजू बाथम निवासी झांसी, 40 वर्षीय रामकुमार, 45 वर्षीय रामकिशन, 30 वर्षीय रामदेवी रैकवार, 45 वर्षीय राजकुमारी, 35 वर्षीय फूफचन्द्र रैकवार, 52 वर्षीय कालीचरण रैकवार, 50 वर्षीय गुड्डी पत्नी कालीचरण, 25 वर्षीय पूजा रैकवार, 30 वर्षीय चंदू उर्फ चन्द्रभान सिंह, 35 वर्षीय घमंडी कुशवाह, 21 वर्षीय रोहित रैकवार सभी निवासी झांसी उत्तर प्रदेश हैं।
पुलिस बोली
इस मामले में एएसपी शियाज केएम ने बताया है कि बस ने आगे जा रहे ट्रैक्टर -ट्रॉली में टक्कर मारी है। हादसे में बस व ट्रैक्टर -ट्रॉली में सवार यात्री घायल हुए हैं। जिनकों जेएएच व सिविल अस्पताल हजीरा में भर्ती कराये गये हैं। घटना कैसे हुई यह पड़ताल की जा रही है।