ग्वालियर-आगरा ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस तीन के बजाय अब एक पैकेज में बनेगा

ग्वालियर. ग्वालियर से आगरा तक प्रस्तावित 88.40 किमी लंबे सिक्स लेन एक्सप्रेस वे को तीन के बजाय अब एक ही पैकेज में तैयार किया जाएगा। पूर्व में नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया नक इसकी अनुमानित लागत 2500 करोड रुपये के आसपास तय की थी। इसे हाईब्रिड एन्यूटी मोड (हैम) पर तैयार करने के लिए तीन पैकेज निर्धारित किए थे लेकिन कंपनियों के रूचि नहीं लेने के कारण अब इसे एक ही पैकेज में सीधे 88.40 किमी का ठेका देने के टेंडर किए है। इसे बिल्ट आपरेट एंड ट्रांसफर यानी बीओटी बेसिस पर तैयार किया जाएगा। ऐसे में प्रोजेक्ट की लागत में भी वृद्धि हो गई है। अब एनएचएआई ने इसके लिए 3841 करोड रुपये की राशि का टेंडर जारी किया है जो आगामी 23 फरवरी को खोला जाएगा।
33 किमी कम होगी दूरी, एक घंटे में पहुंच सकेंगे आगरा
यह एक्सप्रेस वे तैयार होने के बाद आगरा की दूरी 33 किमी कम हो जाएगी। सिर्फ एक घंटे के अंदर आगरा पहुंचा जा सकेगा, जबकि नोएडा तक का सफर सिर्फ तीन घंटे में पूरा हो सकेगा। वर्तमान ग्वालियर-आगरा हाइवे की लंबाई लगभग 121 किमी है और यह फोरलेन है। यह हाइवे मुरैना और धौलपुर के आबादी क्षेत्रों से होता हुआ निकलता है, जिसके कारण जाम के हालात बने रहते हैं, साथ ही वाहनों की गति सीमा भी कम रहती है। ग्वालियर से आगरा तक पहुंचने में ही दो से ढाई घंटे का समय लग जाता है। नए सिक्स लेन ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस के निर्माण की शुरूआत आगरा की ओर से की जाएगी। आगरा में निर्माणाधीन आउटर रिंग रोड से यह एक्सप्रेस वे जुड़ेगा। यह आगरा के 14, धौलपुर के 18 और मुरैना के 30 गांवों से गुजरता हुआ ग्वालियर से ग्राम सुसेरा में आकर समाप्त होगा। वर्तमान हाइवे और एक्सप्रेस वे के बीच की दूरी आठ किमी होगी।q