ग्वालियर पुलिस के लिए सिरदर्द बना राजस्थान का डकैत
ग्वालियर. 8 नवंबर 2022 को 60 हजार का इनामी डकैत गुड्डा गुर्जर के पकड़े जाने के बाद ग्वालियर के जंगल में जो शांति कायम हुई थी, उसमें खलल पड़ती दिख रही है। वहां डकैतों की आहट फिर सुनाई दे रही है। इस बार राजस्थान का डकैत रामसहाय गुर्जर पुलिस के लिए सिरदर्द बन गया है। रामसहाय पर 50 हजार रुपये का इनाम है। उसकी मूवमेंट राजस्थान और उत्तर प्रदेश के जंगलों के साथ ही मध्य प्रदेश के उन जिलों के जंगलों में रहती है, जहां राजस्थान की सीमाएं लगती हैं।
3 दिनों से जंगल में पुलिस सर्चिंग आपरेशन चला रही
ग्वालियर के भंवरपुरा इलाके में डकैत और उसके साथियों की मूवमेंट गांव वालों ने देखी है, इसलिए पिछले तीन दिनों से जंगल में पुलिस सर्चिंग आपरेशन चला रही है। हालांकि, पुलिस अधिकारी सबूत मिलने तक क्षेत्र में रामसहाय की मौजूदगी की बात स्वीकारने को तैयार नहीं हैं।