जिला अस्पताल एवं सिविल अस्पतालों को भी और सशक्त बनाया जाएगा – राजेन्द्र शुक्ल
ग्वालियर – उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा है कि एक हजार बिस्तर अस्पताल के लोड को कम करने के लिए जिला चिकित्सालय, सिविल अस्पताल और ग्रामीण क्षेत्र के अस्पतालों का उन्नयन किया जाना जरूरी है। उप मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में ग्वालियर मेडीकल कॉलेज की 9वी सामान्य परिषद की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय चिकित्सा सुविधा के विस्तार के लिए गए।
उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि ग्वालियर में एक हजार बिस्तर अस्पताल में आने वाले मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ मिलें, इसके लिये जिला अस्पताल मुरार, सिविल अस्पताल हजीरा के साथ ही डबरा एवं भितरवार के अस्पतालों का उन्नयन भी किया जाए, ताकि एक हजार बिस्तर अस्पताल में आने वाले मरीजों को और बेहतर स्वास्थ्य सुविधायें मिल सकें। गजराराजा चिकित्सा समूह परिसर में सीवर समस्या के निदान हेतु शीघ्र प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने का निर्णय भी लिया गया।
उप मुख्यमंत्री ने यह भी कहा है कि अस्पतालों में रिक्त पड़े पदों की पूर्ति हेतु भी तत्परता से कार्रवाई की जाए। नर्स एवं वार्ड ब्वॉय के जितने भी पद हैं उन्हें शीघ्रता से भरा जाए, ताकि मरीजों की बेहतर देखभाल हो सके। आरक्षित वर्ग के जो पद भरे नहीं जा पा रहे हैं उनके स्थान पर कंसलटेंसी पर चिकित्सकों को रखकर कार्य किए जाने पर भी गंभीरता से विचार किया जाए।