दुकान में घुसकर सराफा कारोबारी पिता-पुत्र पर कट्टे तानकर 3 बदमाश लूट ले गए 6.50 लाख
मुरैना. पांच दिन के भीतर सराफा कारोबारी से लूट की दूसरी घटना हो गई। शहर के सबसे व्यस्त, भीड़भाड़ और संकरे इलाके सराफा बाजार की दुकान में घुसकर सराफा कारोबारी पिता-पुत्र को गोली मारने की धमकी देकर तीन हथियारबंद बदमाश साढ़े छह लाख रुपये लूटकर भाग गए। बाइक से आए बदमाशों ने बाजार से भागने के लिए कट्टे लहरा दिए। इस घटना से मुरैना का व्यापारी वर्ग पुलिस व्यवस्था के खिलाफ ऐसा आक्रोशित हुआ कि कोतवाली का घेराव करते हुए ऐलान कर दिया, कि जब तक बदमाश पकड़े नहीं जाते तब तक शहर के तमाम बाजार बंद रहेंगे।
क्या है पूरा मामला
सराफा बाजार, पंचायती धर्मशाला की दुकानों में जीवाजीगंज निवासी अतुल गुप्ता की ज्वेलर्स दुकान है। सोमवार को पौने सात बजे के करीब दुकान में तीन बदमाश कट्टे लहराते हुए घुसे। उस समय दुकान में कुछ ग्राहक गहने खरीदने भी आए हुए थे, इसी दौरान बदमाशों ने सराफा कारोबारी अतुल गुप्ता व उनके बेटे प्रद्युम्न उर्फ कान्हा को गोली मारने की धमकी दी। दो बदमाशों ने पिता-पुत्र की ओर कट्टा ताना रखा और तीसरे ने काउंटर का ड्रावर खोलकर उसमें रखे साढ़े छह लाख रुपये बैग में भरे। एक मिनट से भी कम समय में बदमाशों ने पूरी घटना को अंजाम दिया और दुकान से बाहर निकल आए। दुकान से चंद कदम दूर ही बदमाशों ने अपनी अपाचे बाइक क्रमांक आरजे 11 एसओ 5133 रख दी। लूट के बाद दुकान से निकले बदमाशों ने कट्टे लहरा दिए और लोगों को रास्ता छोड़ने के लिए गोली मारने की धमकी दी। बदमाशों के डर से लोग दुकानों में घुस कर, दीवारों से चिपक गए, इसके बाद बदमाश नाला नंबर दो की सड़क से होकर फरार हो गए।
दुकान के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी घटना कैद हो गई। घटना के बाद एसपी शैलेंद्र सिंह चौहान, एएसपी डा. अरविंद ठाकुर मौके पर पहुंचे। स्निफर डाग की भी मदद ली गई। जिले की सीमाओं पर एसपी ने नाकाबंदी करवा दी, देर रात तक पुलिस टीम सीसीटीवी फुटेज व बाइक के नंबर के आधार पर बदमाशों की पड़ताल में जुटी रही। व्यापारी अतुल गुप्ता की शिकायत पर कोतवाली में तीन अज्ञात आरोपितों पर लूट का केस दर्ज किया गया है।