रेलवे ने 10 गुना बढ़ाया यूटीएस टिकट का दायरा
ग्वालियर. रेलवे ने यूटीएस टिकट बुकिंग का दायरा 10 गुना बढा दिया है। अब यात्री 5 की जगह 50 किलोमीटर के दायरे में अपना अनारक्षित टिकट बुक करा सकेंगे। टिकट के लिए यात्रियों को रेलवे के काउंटरों पर कतार में खडा नहीं होना पडेगा। रेलवे द्वारा ट्रेनों के अनारखित टिकट काउंटरों के साथ यूटीएस (अनरिजर्व्ड टिकट सिस्टम) के जरिए उपलब्ध कराए जाते है। अब तक यात्री यूटीएस से स्टेशन के पांच किलोमीटर के दायरे के भीतर टिकट बुक कर सकते थे लेकिन अब इसका दायरा बढाकर 50 किमी कर दिया गया है।
एप से टिकट बुक होने के बाद यात्री के मोबाइल पर मेसेज आएगा। बुक टिकट पर कोई दूसरा व्यक्ति यात्रा नहीं कर सकेगा। यात्रा समाप्त होने पर टिकट भी खत्म हो जाएगा। एप से टिकट बुक करने पर यात्रियों को ट्रेन के आने का समय पता चल जाएगा। एक पीएनआर पर चार टिकट बुक किए जा सकेंगे। किराये का भुगतान पे-वालेट, क्रेडिट कार्ड व डेबिट कार्ड के माध्यम से किया जा सकेगा। इस सुविधा का दायरा बढने से रेल यात्रियों को टिकट के लिए रेलवे के काउंटरों पर कतार में खडा नहीं होना पडेगा।
टिकट काउंटरों पर नहीं करना होगा इंतजार
रेलवे स्टेशन पर टिकट काउंटरों पर यात्रियों को अब ज्यादा इंतजार नहीं करना होगा। इसके लिए यूटीएस से आसानी से टिकट लिया जा सकता है। इससे स्टेशन की विंडो पर भी यात्रियों की लाइन कम हो जाएगी।