सभापति और पार्षद के साथ घूमे निगमायुक्त, संजीवनी क्लीनिक में सीलन पर जताई नाराजगी

ग्वालियर. नगर निगम आयुक्त हर्ष सिंह ने गुरुवार को सभापति मनोज सिंह तोमर एवं पार्षद जितेंद्र मुद्गल के साथ उनके वार्डों में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया। वार्ड क्रमांक 47 में निरीक्षण के दौरान जहां लक्कड़खाना रोड पर वाहनों की धुलाई से हो रही गंदगी पर उन्होंने सेंटर को बंद कराने के निर्देश दिए। वहीं संजीवनी क्लीनिक में निरीक्षण के दौरान दीवारों में आ रही सीलन पर नाराजगी जताते हुए इसे ठीक कराने के लिए कहा। इसके अलावा उन्होंने गुढ़ा-गुढ़ी का नाका पर सड़क निर्माण कार्य के बाद जलभराव की स्थिति निर्मित न होने के निर्देश दिए।
निगमायुक्त ने लक्कड़खाना रोड पर निरीक्षण कर नाले की जाली का स्थाई निराकरण करने के निर्देश दिए। पार्षद जितेंद्र मुद्गल ने क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट की समस्या से अवगत कराया, जिस पर निगमायुक्त ने जल्द समाधान का आश्वासन दिया। क्षेत्रीय कार्यालय 20 का निरीक्षण करते हुए निगमायुक्त ने यहां आने वाले आवेदनों के पंजीयन की व्यवस्था पहले रजिस्टर में करने और फिर कंप्यूटर में चढ़ाने के निर्देश दिए। लक्कड़खाना स्थित संजीवनी क्लीनिक की दीवारों में सीलन दिखने पर निगमायुक्त ने इंजीनियरों से सवाल किए। इंजीनियरों का कहना था कि ये पुरानी दीवारें हैं, जिन्हें काफी पहले बनाया गया है। इस पर निगमायुक्त ने कहा कि इलाज कराने आने वाले लोगों को सीलन भरे माहौल में बैठना होगा। ऐसे में इसे जल्द से जल्द ठीक कराकर क्लीनिक हैंडओवर भी किया जाएगा। इस दौरान पार्षद ने निगमायुक्त से कहा कि क्षेत्रीय कार्यालय में जनमित्र केंद्र के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध है, लेकिन वर्तमान में जनमित्र केंद्र ढाई किलोमीटर दूर है। इससे लोगों को परेशानी होती है। इस पर निगमायुक्त ने जनमित्र केंद्र को शिफ्ट कराने के निर्देश दिए। वहीं माधौगंज थाने के पास मूत्रालय के लिए वार्ड समिति निधि से 15 लाख रूपये प्रदान करने पर भी सहमति दी गई।