ग्वालियर में RTO एजेंट की जेब काटी, पकड़े गए तो हाथ पर मारी ब्लेड

ग्वालियर. शहर में जेब कतरों ने एक आरटीओ एजेंट पर कातिलाना हमला कर दिया। जेब कतरो ने आरटीओ एजेंट की जेब से 14 हजार रुपए ब्लेड मारकर पार कर दिए। जब एजेंट को जेब कटने का अहसास हुआ तो उसने जेब कतरे को पकड लिया। जिस पर जेब कतरा ने ऊंगली में फसाई ब्लेड से उसके गले और हाथ पर वार कर दिए। गला तो बच गया पर हाथ पर कई घाव हुए और घायल होकर आरटीओ एजेंट वहीं गिर पडा जबकि बाइक सवार जेब कतरे फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार घटना दोपहर तानसेन नगर तिराहा चूडी मार्केट की है। घायल आरटीओ एजेंट को गंभीर हालत में हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है साथ ही जेब कतरों की तलाश की जा रही है। शहर के उपनगर ग्वालियर मछली मंडी मद्दी का बाजार निवासी साकिर उर्फ शकील अहमद आरटीओ में एजेंट है। वह रोज की तरह सुबह आरटीओ कार्यालय जाने के लिए घर से निकले थे। अभी वह हजीरा चौराहा की तरफ पहुंचे थे कि उन्हें टेंपो नहीं मिल रही थी। तभी वहां बाइक सवार दो युवक आए और उनसे पड़ाव जाने का रास्ता पूछा। साकिर ने उनको रास्ता बताया। बाइक सवारों ने आरटीओ एजेंट को भी लिफ्ट का ऑफर दिया और कहा वह उसी तरफ जा रहे हैं उसे भी छोड़ देंगे। इस पर साकिर उनकी बाइक पर सवार होकर गया। दोनों युवकों ने उसे बीच में बैठाया था। पीछे बैठे युवक ने तानसेन नगर तिराहा चूड़ी मार्केट से पहले ही आरटीओ एजेंट की जेब काट दी। जेब में रखे 14 हजार रुपए पीछे बैठे जेबकट ने पार कर दिए।