ग्वालियर मेला में नाव झूला झूल रही महिला 15 फीट की ऊंचाई से गिरी
ग्वालियर. मेला में रविवार की रात झूला सेक्टर में गंभीर घटना घटी। नाव झूला में कॉर्नर पर बैठी एक 40 वर्षीय महिला 15 फीट की ऊंचाई से नीचे आ गिनरी। महिला गंभीर रूप से घायल हुई है। जिसे झूला संचालक ने एक प्रायवेट हॉस्पिटल में भर्ती कराया है। जहां महिला गिरी थी वहां उखड़कर एक लोहे का पाइप भी टूट गया है। ऐसा मालूम चला है कि महिला का झूला वाला परिचित था और वह फ्री में झूला झूलने के लिये आई थी। रविवार की वजह से झूला ओवरलोड था तो झूला संचालक ने उसी भीड़ में उसे चढ़ा दिया जिससे यह घटना घटी। फिलहाल पुलिस के पास सूचना तो पहुंची। लेकिन शिकायत नही की गयी है।
घटनाक्रम ऐसे समझिये
शहर के उपनगर मुरार वंशीपुरा निवासी 40 वर्षीय रेहाना पत्नी जमीन खान रविवार को ग्वालियर व्यापार मेला घूमने के लिए पहुंची थी। रविवार का दिन होने पर यहां काफी भीड़ थी। शाम 7 से रात 9 बजे के बीच झूला सेक्टर में ही एक लाख से ज्यादा सैलानी थे। ऐसे में झूला सेक्टर नाव वाला झूला ओवरलोड चल रहा था। यहां रेहाना भी पहुंच गई। झूला पहचान वाले का था इस लिए उसने भीड़ में ही उसे चढ़ा दिया। रेहाना कॉर्नर की तरफ बैठी हुई थी। कुछ ही देर में झूला की राइड शुरू हो गई। चंद सेकंड में झूला हवा से बातें करने लगा। अचानक कॉर्नर पर बैठी रेहाना काे चक्कर आए और वह झूला से नीचे आ गिरी। जहां वह गिरी वहां से झूला में जाने वाले एन्ट्री लेते हैं। वहां एक पाइप भी उखड़कर टूटा है। महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है। घटना पर वहां हंगामा मच गया, लेकिन जिससे पहले पुलिस आती झूला संचालक ने उसे हॉस्पिटल पहुंचा दिया। महिला का पति पेंटर है और कोई खास कमाई नहीं होती है। ऐसे में झूला संचालक ही उसके इलाज की सारी जिम्मेदारी ले रहा है। जिस कारण महिला ने पुलिस में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है।
कोई सुरक्षा नहीं थी
नाव झूला में बैठने वालों की सुरक्षा के ििलये कोई उपाय नहीं होता है। यहां झूला झूलने आने वाले सैलानियों को अपने सामने सीट पर लगी पाइप को कसकर पकड़कर रखना पड़ता है। यदि किसी को चक्कर आ गये और वह स्वयं को नहीं संभाल सका तो इस तरह का हादसा घटित होता है। नाव झूला में सैलानियों के लिये न तो कोई सीट बेल्ट था और न ही कोई ग्रिप, जबकि अन्य झूलों में सुरक्षा के लिये बेल्ट रहता है।