ग्वालियर में कार्यक्रम में ठंड से ठिठुर रहे थे बच्चे, कलेक्टर ने रुकवा दिया प्रोग्राम, स्कूल पर कार्रवाई करने निर्देश दिए
ग्वालियर. देशभर में 75 वां गणतंत्र दिवस बड़े ही धूमधाम के साथ मनाया गया। हर जिले में भव्य परेड के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति हुई। लेकिन इसी बीच ग्वालियर में एक निजी स्कूल की ऐसी लापरवाही सामने आई जिस पर कलेक्टर ने नाराजगी जाहिर की। दरअसल ग्वालियर में एसएफ ग्राउंड पर गणतंत्र दिवस समारोह चल रहा था। इसी दौरान एक परफॉर्मेंस में दो बच्चे बिना कपड़ों के सर्दी में खुले मैदान में प्रस्तुति दे रहे थे। इसे देख कलेक्टर ने नाराजगी जाहिर की।
क्या है मामला
ग्वालियर के एसएफ गाऊंड पर 26 जनवरी को सांस्कृति समारोह चल रहा था जिसमें कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह भी मौजूद थे। इसी दौरान ईसीएस स्कूल के बच्चों के परफॉर्मेंस की बारी आई। लेकिन जैसे ही परफॉर्मेंस शुरु हुआ तो कलेक्टर अक्षय कुमार ने देखा कि दो बच्चे जो कि कार्यक्रम में पार्टिसिपेट कर रहे हैं वो बिना कपड़ों के हैं। तेज ठंड के बीच बच्चों को इस तरह से बिना कपड़ों के परफॉर्म करते देख कलेक्टर ने नाराजगी जताई और तुरंत ही कार्यक्रम को रुकवा दिया।
स्कूल को नोटिस जारी
बच्चों को ठंड के बीच बिना कपड़ों के परफॉर्म कराने को लेकर कलेक्टर अक्षय कुमार ने न केवल नाराजगी जताई बल्कि जिला शिक्षा अधिकारी को ईसीएस स्कूल पर कार्रवाई करने भी निर्देश दिए जिसके बाद स्कूल को नोटिस जारी किया गया है। बच्चों को बिना कपड़ों के ठंड में ठिठुरता देख मौके पर मौजूद एसआई ने मानवीयता दिखाई और बिना कपड़ों के किरदार निभा रहे एक बच्चे को अपना ब्लेजर भी पहनाया। बता दें कि ग्वालियर में इन दिनों जमकर ठंड पड़ रही है और पारा 5 डिग्री तक पहुंच चुका है।