जमीन समतलीकरण के लिए एसडीएम के स्टेनो ने मांगी रिश्वत, एफआईआर हुई
ग्वालियर. जमीन समतलीकरण के नाम पर रिश्वत मांगने वाले भितरवार एसडीएम डीएन सिंह के स्टेनो सौरभ शर्मा के खिलाफ ईओडब्ल्यू ने एफआईआर र्द की है। आरोपी सौरभ ने भितरवार के वार्ड-13 निवासी अतुल कुमार जैन से 20 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी। आरोपी ने यह भी कहा था कि रकम मिलते ही वह एसडीएम से आदेश करवा देगा। ईओडब्ल्यू के अनुसार फरियादी अतुल के पिता ग्याप्रसाद जैन की वार्ड-13 में 10 बिस्वा जमीन है। जो काफी ऊबड-खाबड है और फसल योग्य नहीं है। इस जमीन के समतलीकरण और मिट्टी हटाने के लिए अतुल ने भितरवार एसडीएम के यहां आवेदन किया था। एसडीएम से आदेश निकलवाने के नाम पर सौरभ शर्मा ने अतुल से रिश्वत की मांग की थी। इसके बाद अतुल ने ईओडब्ल्यू में शिकायत की। शिकायत मिलने के बाद ईओडब्ल्यू ने जांच की और अब सौरभ शर्मा के खिलाफ मामला दर्ज किया है। वहीं एसडीएम डीएन ने कहा कि मामला मेरी जानकारी में नहीं है। मामला कितना पुराना है यह भी मेरे संज्ञान में नहीं है।