अद्भुत व अलौकिक दृश्य से सराबोर हुई लक्ष्मण तलैया
शहरवासियों ने एक साथ 11 हजार दीप प्रज्ज्वलित किए
ग्वालियर – संगीतधानी ग्वालियर के ऐतिहासिक दुर्ग की तलहटी में स्थित लक्ष्मण तलैया रविवार की शाम अद्भुत व अलौकिक दृश्य से सराबोर हो गई। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर सहित अन्य जनप्रतिनिधिगणों ने शहरवासियों के साथ 11 हजार दीप प्रज्ज्वलित किए। एक साथ इतने दीपों के प्रज्ज्वलन से लक्ष्मण तलैया ही नहीं ग्वालियर दुर्ग की प्राचीर भी दीप्तमान हो गई। पवित्र नगरी अयोध्या में राम लला प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा के उपलक्ष्य में यह दीपदान कार्यक्रम आयोजित हुआ।
भाजपा जिला अध्यक्ष अभय चौधरी तथा अशोक शर्मा, अरूण कुलश्रेष्ठ, आकाश श्रीवास्तव व श्रीमती सरला शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, संयुक्त कलेक्टर संजीव जैन, एसडीएम ग्वालियर सिटी अतुल सिंह व एसडीएम लश्कर नरेश कुमार गुप्ता सहित अन्य अधिकारियों ने भी दीप प्रज्ज्वलन में हिस्सा लिया।