श्रीराम शोभायात्रा समिति एवं श्रीराम गंगाजल कलश यात्रा में देंगे अपनी आस्था की आहुति

ग्वालियर -अयोध्या में 500 वर्ष की लम्बी प्रतीक्षा के पश्चात होने जा रहे रामलाल के प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर जो भक्तगण अयोध्या नहीं जा पा रहे हैं उनके लिए श्रीरामशोभा यात्रा समिति द्वारा बधाई एवं गंगाजल कलश यात्रा का आयोजन 22 जनवरी को दोपहर 2 बजे जनकपुरी (सनातनधर्म मंदिर) से निकालने जा रही है । यह यात्रा जनकपुरी (सनातन धर्म मंदिर) से प्रारंभ होकर दाल बाजार, लोहिया बाजार, दौलतगंज, महाराज बाड़ा, सर्राफा होते हुये अयोध्या धाम (राम मंदिर पहुचेगी) ।
यात्रा के संयोजक मुकेश अग्रवाल ने बताया कि सोमवार 22 जनवरी को ग्वालियरवासी राम मय होकर ग्वालियर में जनकपुरी (सनातम धर्म मंदिर) से हनुमानगढ़ी (पाटणकर बाजार हनुमान मंदिर) होते हुए अयोध्या धाम (राम मंदिर) तक बधाई यात्रा एवं गंगाजल कलश यात्रा लेकर पहुंचेंगे । इस ऐतिहासिक दिन में प्रभु श्रीराम की बधाई यात्रा अपनी ससुराल जनकपुरी से अनेकों उपहार के साथ हनुमानगढ़ी होती हुई अयोध्या धाम पहुंचेगी। यात्रा के बारे में और जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि इस यात्रा के मुख्य आकर्षण तीन रथ होंगे , जिनमे से पहले रथ पर ग्वालियर संभाग की पांच नदियों से लाया गया पवित्र जल एवं गंगाजल से भरा कलश रखा जावेगा जो सबसे आगे चलेगा ।
इस यात्रा की एक और खास बात यह है कि इसका सजीव प्रसारण किया जाएगा एवं एक लिंक सोशल मीडिया पर साझा की जाएगी ताकि कोई भी किसी भी जगह इस यात्रा को लाइव देख सकता है । इस यात्रा के मार्ग में पड़ने वाले घरों से महिलाएं, बच्चे एवं युवक युवतियां पुष्प वर्षा कर शोभा यात्रा का स्वागत करेंगे । 200 से भी ज्यादा सामाजिक एवं व्यापारिक संगठनों द्वारा बधाई एवं कलश यात्रा का यात्रा मार्ग में ही जगह-जगह स्वागत करने के लिए भी अनुरोध किया गया है ।
इस यात्रा का एक और आकर्षण होगा वह होगा मराठा बैंड जो जनकपुरी में यात्रा की विदाई होने तक अपनी प्रस्तुति देगा एवं फिर अयोध्या धाम राम मंदिर में यात्रा की अपनी मधुर ध्वनि से अगवानी के समय प्रस्तुति देगा । अयोध्या धाम में आतिशबाजी के साथ ही 21000 लड्डुओं का प्रसाद एवं भंडारे के साथ इस बधाई यात्रा एवं गंगाजल कलश यात्रा का स्वागत किया जाएगा। इस यात्रा में अपनी भागीदारी देने के लिए ग्वालियर शहर के लगभग सभी जनप्रतिनिधियों एवं प्रतिष्ठित गणमान्य जनों ने अपनी स्वीकृति दी है ।