थार गाड़ी में ऑनलाइन सट्टा लगवा रहे अलवर के दो सटोरियों को पकड़ा
ग्वालियर। जुआ, सट्टा तथा अवैध शराब व मादक पदार्थाे की खरीद-बिक्री करने वालों के विरूद्ध प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। कार्यवाही के दौरान 10 जनवरी को क्राईम ब्रांच को खबर मिली कि दो व्यक्ति सागरताल के पीछे काले रंग की थार गाड़ी में बैठकर ऑनलाइन गेमिंग के माध्यम से सट्टा लगाने का कार्य कर रहे है।
क्राइम ब्रांच टीम को बताये ठिकाने सागर ताल रोड बहोड़ापुर पर सटोरियों को दबोचने के लिये भेजा। पुलिस टीम को सागरताल के पीछे खाली मैदान में एक काले रंग की थार गाड़ी खड़ी दिखी, जिसके अंदर दो व्यक्ति मोवाइल पर कुछ कार्य करते दिखे, जिन्होने पुलिस टीम को अपनी ओर आता देखकर गाड़ी स्टार्ट कर भागने का प्रयास किया, परन्तु पुलिस टीम द्वारा उन्हे पकड़ लिया गया। पकड़े गये दोनो व्यक्तियों से नाम पता पूछने पर पहले ने स्वयं को सूर्यनगर अलवर राजस्थान हाल निवासी सूरजविहार कालोनी बहोड़ापुर तथा दूसरे ने कमलपुरा वहला अलवर राजस्थान हाल निवासी सूरजविहार कालोनी का रहने वाला बताया। पुलिस टीम ने ड्रायवर सीट पर बैठे व्यक्ति के हाथ में लिये वीवो कंपनी के मोवाइल को खोलकर चैक किया तो मोबाइल फोन की स्क्रीन पर टैलीग्राम एप पर ऑनलाइन सट्टा खिलाने की एप्स खुली हुई पाई गयी जिनके माध्यम से यह लोग ग्रुप में रुपयों की हार-जीत का दांव लगाकर ऑनलाइन ट्रान्जेक्शन कर सट्टा खिला रहे थे। इनके पास मिले मोवाइल को चैक करने पर उसमें पेटीएम पेमेन्ट के काफी सारे स्क्रीन शॉट्स के फ़ोटो पाये गये। जिनके संबंध में पूछताछ करने पर बताया कि यह स्क्रीन शॉट्स सट्टा लगाने वाला व्यक्ति हमें पेमेन्ट कर देता है उसके स्क्रीन शॉट्स है। दोनों व्यक्तियों के मोबाइल में टेलीग्राम ग्रुप बने हुये थे जिनमें क्यूआर कोड़ से रूपयों का लेन देन किया जा रहा था। काले रंग की थार गाड़ी एवं सात मोवाइल फोन को जप्त किया गया। पुलिस को पकड़े गये सटोरियों के मोबाइल में लाखों का हिसाब भी मिला है।