चिरायु अस्पताल में महिला की मौत पर परिजनों ने किया हंगामा
ग्वालियर. सिटीसेंटर स्थित चिरायु अस्पताल में उपचार के दौरान एक महिला मरीज की मौत के बाद परिजनों ने हंगामा खड़ा कर दिया है। परिजन ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस को खबर दे दी। घटना रविवार की सुबह की है। दरअसल, 5 दिन पहले एक महिला को पेट में गांठ की शिकायत पर भर्ती कराया गया था। गांठ, हार्ट के बेहद नजदीक थी। इसलिये ऑपरेशन किया गया था। उस वक्त तक सब ठीक था, पर कुछ घंटे के बाद अचानक महिला की हालत खराब होने से उसकी मौत हो गयी।
इस पर परिजन ने हंगामा कर दिया। डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया। जबकि डॉक्टरों ने बताया था कि महिला ऑपरेशन के बाद स्वस्थ्य थी। लेकिन बाद में उसकी पल्स गिरती चली गयी। जिस वजह से काफी प्रयास के बाद बचाया नहीं जा सका। परिजनों ने शव बाहर रखकर प्रदर्शन भी किया और पुलिस ने भी मामले की जांच शुरू कर दी है।
क्या है मामला
मुरैना के न्यू आमपुरा की रहने वाली 31 साल की नीरू शाक्य को 2 जनवरी को ग्वालियर विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के निजी अस्पताल चिरायु हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। महिला के गेट और हार्ट के बीच में गांठ का इलाज होना था। जहां डॉक्टर्स ने परिजन को बताया था कि महिला का ऑपरेशन करना पड़ेगा। जिसकी परिजन ने सहमति दे दी। सहमति के बाद डॉक्टर ने उसका ऑपरेशन किया। ऑपरेशन के बाद सब कुछ ठीक रहा, लेकिन 12 घंटे बाद रविवा सुबह महिला की अचानक तबीयत बिगड़ने लगी और उसकी मौत हो गई। महिला की मौत की खबर जैसे ही परिजन को लगी तो उन्होंने अस्पताल में हंगामा मचा दिया। अस्पताल के बाहर महिला के शव को रखकर वहीं धरने पर बैठ गए। परिजन ने डॉक्टर पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाकर कार्रवाई की मांग की। हंगामे की खबर लगते ही पुलिस बल भी मौके पर पहुंचा।
हॉस्पिटल प्रबंधन का कहना
चिरायु हॉस्पिटल के संचालक डॉ. धर्मेन्द्र ने बताया कि ऑपरेशन के बाद सब ठीक था, लेकिन अचानक महिला की हालत रविवार तड़के बिगड़ने लगी। हार्ट काम नहीं कर रहा था और पल्स गिरती जा रही थी। हमने बचाने का पूरा प्रयास किया, लेकिन बचा नहीं सके। इलाज पूरी तरह ठीक से किया गया है।
पुलिस का कहना
इस मामले में विश्वविद्यालय थाना के एसआई संजय सिंह यादव ने कहा कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जो भी लापरवाही सामने आएगी उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।