गुना बस हादसे का आरोपित वाहन मालिक गिरफ्तार
गुना. बजरंगगढ़ थानाक्षेत्र में डंपर और बस की भिड़ंत के बाद आग का गोला बनी बस में 13 लोगों की जिंदा जल कर मौत हो गई थी। पुलिस की एसआइटी टीम ने रविवार को आरोपित बस मालिक भानुप्रताप सिंह सिकरवार को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
डंपर चालक एवं बस मालिक पर केस दर्ज
पुलिस के अनुसार 27 दिसंबर 2023 की रात गुना-आरोन रोड पर सेमरी घाटी के पास सिकरवार बस एवं डंपर की आपस में भिड़ंत के बाद बस में आग लगने से 12 यात्रियों व डंपर चालक सहित 13 लोगों की मौत हो गई थी। इस घटना को लेकर थाना बजरंगगढ़ में आरोपित बस चालक, डंपर चालक एवं बस मालिक भानु प्रताप सिंह सिकरवार निवासी गुना के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया था।
इधर, हादसे की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी पुलिस अधीक्षक मानसिंह ठाकुर (एएसपी) ने सीएसपी श्वेता गुप्ता के मार्गदर्शन में एसआइटी का गठन किया, जिसमें कोतवाली टीआइ अनूप भार्गव, बजरंगगढ़ थाना प्रभारी आकाश आर्य, कोतवाली उपनिरीक्षक संदीप यादव व एएसआई तोरण सिंह को अनुसंधान अधिकारी बनाया गया।
इसके साथ ही टीम द्वारा घटना के हर बिंदु की बारीकी से जांच जारी है। वहीं आरोपित बस मालिक भानु पुत्र स्व. बाबूसिंह सिकरवार उम्र 42 साल निवासी विंध्याचल कालोनी की तलाश की गई, जिसे रविवार को गिरफ्तार कर न्यायालय पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया है।