आज ओडिशा दौरे पर PM मोदी, कार्यक्रम में शामिल नहीं होंगे नवीन पटनायक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज ओडिशा के बलांगीर में कई परियोजनाओं का उद्धाटन करेंगे. प्रधानमंत्री मोदी के इस दौरे के लिए भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता और कई केंद्रीय मंत्री काफी दिनों से तैयारियों में जुटे थे. परियोजनाओं का उद्घाटन करने का प्रधानमंत्री का ये दौरा आधिकारिक है, हालांकि इसमें ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक हिस्सा नहीं लेंगे.

नवीन पटनायक की ओर से राज्य सरकार के कार्यक्रमों में व्यस्त होने का कारण बताया गया है. गौरतलब है कि प्रधानमंत्री पश्चिमी ओडिशा के बलांगीर की यात्रा के दौरान आधारभूत संरचना विकास, संपर्क और व्यापार में सहूलियत पर कई परियोजनाएं शुरू करेंगे.

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी झारसुगुडा में मल्टी मोडल लॉजिस्टिक्स पार्क (एमएमएलपी) और बलांगीर-बिचुपाली के बीच नई रेल लाइन का उद्घाटन करेंगे, जिसके बाद उन्हें एक जनसभा को भी संबोधित करना है.

जबकि नवीन पटनायक के सूत्रों की मानें तो वह राज्य के कृषि ओडिशा कार्यक्रम में व्यस्त रहेंगे. जिसके कारण वह प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में हिस्सा नहीं ले पाएंगे.