आगरा में बोले पीएम मोदी- किसी का हक मारे बिना सवर्ण गरीबों को आरक्षण दिया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश में मिशन 2019 का आगाज ताजनगरी आगरा से किया. इस दौरान उन्होंने यहां गंगाजल प्रोजेक्ट समेत करीब 4000 करोड़ से ज्यादा की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकर्पण किया. विकास कार्यों की सौगात के साथ पीएम मोदी ने सामान्य जाति के गरीबों को दिए गए आरक्षण के फैसले का भी बखान किया और कहा कि हमारी सरकार दलित-आदिवासी या पिछड़ों से चोरी किए बिना सवर्णों को आरक्षण दिया है, जबकि पहले सरकारें चोरी कर तुष्टिकरण की झोली भरना चाहती थीं.
आरक्षण पर बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा, 'सामान्य श्रेणी के गरीब परिवारों को शैक्षणिक संस्थानों और सरकार संस्थानों में आरक्षण के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है. पहले भी चुनाव के समय नारेबाजी बहुत हुई, मैं भी कहता था कि 50 फीसदी के ऊपर आरक्षण कहकर सरकार बेइमानी करती हैं. 50 फीसदी के ऊपर जाना है तो संविधान में संशोधन के बिना नहीं जा सकते. पहले जो करते थे वो दलित-आदिवासी का हक चोरी कर झोली भरना चाहते थे, ताकि उनकी वोट बैंक की झोली भर जाए.'
पीएम मोदी ने कहा कि हमारी सरकार आरक्षण देने के लिए संविधान में संशोधन लाई और इसके लिए उन्होंने सभी सांसदों का शुक्रिया अदा किया. उन्होंने कहा कि गरीबी किसी के विकास में अड़चन न बने, इसलिए यह आरक्षण की व्यवस्था की गई है. पीएम मोदी ने आगे कहा कि सिर्फ आरक्षण ही नहीं, उसके साथ उच्च शिक्षा की सीटें 10 फीसदी बढ़ाने का भी निर्णय लिया गया है.