जबलपुर-ग्वालियर सबसे गर्म, तापमान 39 डिग्री के पार

भोपाल. मध्यप्रदेश में अब गर्मी का असर तेज हो गया है। भोपाल में लगातार दूसरे दिन तेज गर्मी रही। बुधवार को तापमान 38.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि, मंगलवार के मुकाबले मामूली गिरावट दर्ज की गई। इंदौर में पारा 38.3 डिग्री रहा। वहीं, जबलपुर में 39.8 और ग्वालियर में तापमान 39.3 डिग्री तक पहुंच गया। मौसम विभाग की मानें, तो जबलपुर और ग्वालियर में दिन सीजन का सबसे गर्म रहा। मौसम वैज्ञानिक ममता यादव ने बताया कि आने वाले दिनों में मौसम साफ रहेगा। भोपाल में तापमान 38 से 40 डिग्री के बीच तापमान पहुंच जाएगा। हीट वेव का असर कुछ दिन बाद देखने को मिलेगा।

कई शहरों में तापमान में बढ़ोतरी
मंगलवार को प्रदेश के कई शहरों में तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिली। राजधानी में सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। यहां पारा 38.9 डिग्री पर पहुंच गया। इंदौर में 38.5, ग्वालियर में 38.3 और जबलपुर में 38.7 डिग्री तापमान रहा। राजगढ़ में तो तापमान 42 डिग्री के पार पहुंच गया। वहीं, नर्मदापुरम, खजुराहो, दमोह और रतलाम में तापमान 40 डिग्री या इससे ज्यादा रहा। गुना, मंडला, उमरिया, सागर, सतना, धार और उज्जैन में भी झुलसाने वाली गर्मी रही।

भोपाल में ऐसा रहेगा मौसम
12 अप्रैल को भोपाल में तेज गर्मी का असर रहेगा और दिन का तापमान 38 डिग्री तक पहुंच जाएगा। रात में तापमान के 22 डिग्री तक रहने का अनुमान है। 13 से 15 अप्रैल तक बूंदाबांदी और बादल छाने का अनुमान है।