संत हिरदाराम नगर क्षेत्र में नए सत्र से खुलेगा शासकीय महाविद्यालय: मुख्यमंत्री श्री चौहान

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि आम जनता के कल्याण, मजबूत कानून-व्यवस्था और नशे जैसी सामाजिक कुरीतियों पर नियंत्रण के लिए सरकार निरंतर कार्य करेगी। राज्य सरकार का प्रयास है कि विकास कार्यक्रमों का लाभ लोगों को मिले और उनकी जिंदगी में सुखद परिवर्तन आए। उन्होंने कहा कि लाड़ली बहना योजना, निम्न- मध्यम वर्गीय और गरीब वर्ग की आर्थिक दशा को बदलने का कार्य करेगी। मुख्यमंत्री आज संत हिरदाराम नगर के शहीद हेमू कालाणी स्टेडियम में विकास यात्रा को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने यात्रा के दौरान लालघाटी से फंदा क्षेत्र तक शासकीय महाविद्यालय न होने की जानकारी प्राप्त होने पर संत हिरदाराम नगर क्षेत्र में अगले शिक्षण-सत्र से शासकीय महाविद्यालय प्रारंभ करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने अमर बलिदानी हेमू कालाणी की प्रतिमा का अनावरण भी किया।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने विकास यात्रा अंतर्गत संत हिरदाराम नगर में 218 करोड़ रूपये के विकास कार्यों का भूमि-पूजन भी किया। उन्होंने कहा कि भौरी क्षेत्र में आवासों के निर्माण से निर्धन वर्ग को रहने के लिए पक्के मकान मिलेंगे। संत हिरदाराम नगर में फाटक रोड पर 23 करोड़ रुपए की लागत से फ्लाय ओवर निर्माण से इस क्षेत्र में आवागमन की कठिनाइयाँ दूर होंगी और नागरिकों के समय और ऊर्जा की बचत होगी।

शिविर लगा कर देंगे विस्थापितों को पट्टे

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि सिंधी विस्थापितों को जमीन का मालिकाना हक दिया जाएगा। शिविर लगाकर पट्टे प्रदान करने के लिए विधिवत प्रीमियम की रियायती दरें निर्धारित की जा रही हैं। इसके अनुसार 150 वर्ग मीटर भूमि तक पूर्व में निर्धारित 5 प्रतिशत के स्थान पर एक प्रतिशत और 150 वर्ग मीटर से 200 वर्ग मीटर तक 10 प्रतिशत के स्थान पर दो प्रतिशत प्रीमियम पर पट्टा दिया जाएगा। इसके अलावा अन्य श्रेणियों में भी निर्धन वर्ग को भोजताल के केचमेंट क्षेत्र को छोड़ कर पट्टे प्रदान देने का कार्य किया जाएगा। श्री चौहान ने आमजन के बीच जाकर उन्हें संबोधित किया और आमजन संवाद भी किया।

हेमू कालाणी बने युवाओं के प्रेरणा स्रोत

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने संत हिरदाराम नगर में अमर बलिदानी हेमू कालाणी की प्रतिमा का अनावरण करते हुए कहा कि 20 वर्ष से कम आयु में देश के लिए बलिदान देने वाले हेमू कालाणी श्रद्धा के पात्र हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीदों के पूजे जाने से राष्ट्रवासियों को राष्ट्र-प्रेम की प्रेरणा मिलती है। हेमू कालाणी देश की आजादी के लिए सिंध की पवित्र भूमि पर शहीद होकर युवाओं के लिए प्रेरणा-स्रोत बने। उनकी शहादत को हमेशा याद रखा जाएगा। संत हिरदाराम भी यहाँ सभी के लिए सम्मानीय हैं।

लाड़ली बहना योजना बदलेगी महिलाओं की आर्थिक दशा

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि लाड़ली बहना योजना में 5 मार्च से आवेदन प्रपत्र भरे जाएंगे। वार्ड, पंचायत, और ग्राम स्तर पर शिविर लगा कर बहनों के प्रपत्र भरवाए जाएंगे। योजना में निम्न, मध्यम वर्ग और गरीब वर्ग की बहनों के खाते में हर महीने 1000 रूपए दिए जाएंगे। योजना का लाभ ढ़ाई लाख रूपए तक वार्षिक आय वाले परिवारों की महिला को प्राप्त होगा। किसान परिवारों को प्रधानमंत्री की ओर से 6 हजार और राज्य सरकार द्वारा 4 हजार रूपए दिए जा रहे हैं। श्री चौहान ने कहा कि लाड़ली बहना योजना मेरे दिल की है। बहनों की आर्थिक हालत सुधर जाए, यही उद्देश्य है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस योजना का लाभ लेने के लिए कहीं, किसी को भटकने की जरूरत नहीं पड़ेगी। शिविर लगा कर कार्य किया जाएगा। जन-प्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और प्रशासन के लोग घर- घर जाएंगे। आवेदन-पत्रों का परीक्षण कर जून माह से बहनों के खातों में पैसा डालना शुरू कर दिया जाएगा।