विकास और जन-कल्याण हमारी प्राथमिकता : मुख्यमंत्री श्री चौहान

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि हमारी सोच विकास की और जन-कल्याण की है। गाँवों के लिये राज्य सरकार के पास पैसे की कोई कमी नहीं है। प्रदेश के विकास के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी, केन्द्रीय मंत्री श्री नरेन्द्र सिंह तोमर एवं नागरिक उड्डयन मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का भरपूर सहयोग मिल रहा है। सभी के सहयोग से ग्वालियर में भी तेजी से विकास के कार्य किए जा रहे हैं। ग्वालियर की कई बड़ी परियोजनाओं में युद्ध स्तर पर कार्य किया जा रहा है। आने वाले दिनों में ग्वालियर की तकदीर और तस्वीर बदली-बदली नजर आयेगी।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र में 75 करोड़ रूपए से अधिक की राशि के विकास कार्यों का भूमि-पूजन एवं लोकार्पण कर क्षेत्रवासियों को विकास की सौगात दी। उन्होंने कहा कि ग्वालियर के विकास में धन की कमी नहीं आने दी जायेगी। इंदौर और भोपाल को अगर विकास के लिये एक रूपया दिया जायेगा तो ग्वालियर को राज्य सरकार सवा रूपया देगी।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र में विकास यात्रा के दौरान विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमि-पूजन समारोह में शामिल हुए। केन्द्रीय कृषि एवं किसान-कल्याण मंत्री श्री नरेन्द्र सिंह तोमर, प्रदेश के जल संसाधन एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट, ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, उद्यानिकी एवं खाद्य प्र-संस्करण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री भारत सिंह कुशवाह, क्षेत्रीय सांसद श्री विवेक नारायण शेजवलकर, बीज एवं फॉर्म विकास निगम के अध्यक्ष श्री मुन्नालाल गोयल, नगर निगम सभापति श्री मनोज तोमर सहित जन-प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा है कि ग्वालियर में जेसी मिल के श्रमिकों को आवास के पट्टे देने का कार्य सरकार ने किया है। उन्होंने कहा कि किलागेट के विकास के साथ जेसी मिल स्कूल और कॉलेज को कोई कानूनी परेशानी न हुई तो शासकीय आधिपत्य में लेने की कार्रवाई की जायेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में जन-सेवा अभियान में 73 लाख लोगों को लाभान्विनत किया गया है। विकास यात्राओं से जन-कल्याण और पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने का कार्य किया जा रहा है। सभी जन-प्रतिनिधि शहर-शहर और गाँव-गाँव भ्रमण कर आमजन से संवाद कर उन्हें शासन की योजनाओं का लाभ दिला रहे हैं।