जनता की जिन्दगी बदलने का अभियान है विकास यात्रा : मुख्यमंत्री श्री चौहान

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश में आज संत रविदास जयंती से शुरू हुई विकास यात्रा जनता की जिन्दगी को बदलने का अभियान है। संत रविदास अद्भुत संत थे। उनकी पंक्तियाँ- "ऐसा चाहूं राज मैं, जहाँ मिले सबन को अन्न, छोटे-बड़ों सब सम बसे, रविदास रहे प्रसन्न" पर केन्द्र और हमारी सरकार कार्य कर रही है। हमारा संकल्प गरीबों का कल्याण है। इसी उद्देश्य से प्रदेश में गाँव-गाँव और वार्डों में मुख्यमंत्री जन-सेवा अभियान चला कर ऐसे परिवारों को चिन्हित किया गया, जो शासकीय योजना का लाभ लेने से वंचित थे। अभियान में 83 लाख पात्र व्यक्तियों को चिन्हित कर उन्हें स्वीकृति-पत्र वितरण का कार्य किया जा रहा है। आज चंबल संभाग के 3 लाख 77 हजार नये हितग्राहियों को 38 विभिन्न योजनाओं के स्वीकृति-पत्र वितरित किये गये हैं। इन सभी हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ मिलना शुरू हो जायेगा। विकास यात्रा के दौरान भी शेष रहे पात्र व्यक्तियों को चिन्हित कर योजनाओं से जोड़ने की अहम कार्यवाही की जाएगी।

मुख्यमंत्री श्री चौहान भिंड जिले में विकास यात्रा की शुरूआत, मुख्यमंत्री जन-सेवा अभियान में स्वीकृति-पत्र वितरण और विकास कार्यों के लोकार्पण-शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने विकास यात्रा के रथों को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। साथ ही विकास यात्रा के गीत का अनावरण किया। कार्यक्रम की शुरूआत कन्या-पूजन और संत रविदास जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित की गई। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने भिण्ड में मेडिकल कॉलेज स्वीकृत करने और भिण्ड नगर पालिका को नगर निगम बनाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि संत रविदास जी के जन्म-स्थल को भी मुख्यमंत्री तीर्थ-दर्शन योजना से जोड़ा जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि तीर्थ-दर्शन योजना में मार्च माह से बुजुर्गो को अब हवाई जहाज से भी तीर्थ-दर्शन कराएंगे।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि आज से हम विकास यात्राओं की शुरूआत कर रहे हैं। यह यात्राएँ सभी ग्रामों एवं शहरी वार्डों में जाएगी। यह यात्राएँ कोई कर्मकांड नहीं होगी, यह जनता की जिंदगी बदलने का अभियान है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि विकास यात्रा का मकसद शत प्रतिशत पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करना हैं। उन्होंने कहा कि विकास यात्राओं में लोकार्पण, शिलान्यास और हितलाभ का वितरण भी किया जाएगा। इसी के साथ शासन की योजनाओं से छूटे हुए व्यक्तियों के नाम जोड़ कर उन्हें शासन की योजनाओं का लाभ दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि मैं अपनी बहनों की जिंदगी को आसान बनाता चाहता हूँ। पूर्व से संचालित योजनाओं के साथ अब "लाड़ली बहना" योजना मेरी बहनों की जिंदगी सँवारेगी। योजना में बहनों को हर माह एक हजार रूपये और साल में 12 हजार रूपये और 5 साल में 60 हजार रूपये देने की व्यवस्था की जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जो कहीं नहीं हुआ, वह मध्यप्रदेश में हुआ है। जो किसी ने नहीं किया वह आपका भाई शिवराज करेगा। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि मुझे प्रसन्नता है कि मुख्यमंत्री जन-सेवा अभियान से प्रदेश में 83 लाख ऐसे व्यक्तियों को चिन्हित किया गया है जो शासकीय योजनाओं का लाभ लेने की पात्रता रखते हैं। इन सभी नागरिको को 38 विभिन्न योजनाओं में लाभान्वित करने स्वीकृति-पत्र वितरण कार्य प्रदेश में चल रहा है।