ब्लास्ट कर ढहाया हत्या के आरोपी BJP नेता का होटल
सागर. मध्यप्रदेश के सागर में हत्या के आरोपी बीजेपी नेता का होटल ब्लास्ट कर जमींदोज कर दिया गया। 4 मंजिला इस होटल में 60 डाइनामाइट लगाकर उसे ब्लास्ट कर ढहा दिया गया। होटल ढहाने के लिए प्रशासन की टीम साढ़े 13 घंटे से प्लानिंग कर रही थी, जिसे मंगलवार रात करीब 7:30 बजे अंजाम दिया गया। दरअसल सागर के मकरोनिया में चुनावी रंजिश में एक युवक की जीप से कुचलकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में 5 आरोपी पहले ही गिरफ्तार हाे चुके हैं। जबकि मिश्रीचंद गुप्ता समेत तीन आरोपी फरार हैं। हत्या की इस वारदात में नाम आने के बाद आरोपी भाजपा नेता मिश्रीचंद गुप्ता को पार्टी ने निष्कासित कर दिया था।
होटल का निर्माण अवैध बताया गया
आरोपी मिश्रीचंद गुप्ता और उसके परिवार की होटल जयराम पैलेस मकरोनिया चौराहे के पास स्थित है। चार मंजिला होटल का निर्माण अवैध बताया गया। इसके बाद पुलिस और प्रशासन की टीम मंगलवार को होटल तोड़ने की कार्रवाई करने पहुंची। इस दौरान कलेक्टर दीपक आर्य, एसपी तरुण नायक, एसडीएम, तहसीलदार ने निरीक्षण किया। उन्होंने होटल के आसपास के लोगों को हटवाया। साथ ही, होटल तोड़ने की कार्रवाई शुरू कराई गई। इस दौरान पुलिस बल भी तैनात रहा।
गिरफ्तारी के लिए लगाए आरोपियों के पोस्टर
मामले में पुलिस ने 8 आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। इनमें से 5 आरोपी वकीलचंद गुप्ता, लवी गुप्ता, लकी गुप्ता, हनी गुप्ता और आशीष मालवीय गिरफ्तार हो चुके हैं। वहीं, भाजपा से निष्कासित आरोपी मिश्रीचंद गुप्ता, जितेन्द्र गुप्ता और धर्मेंद्र गुप्ता फरार हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस ने उनके पोस्टर चस्पा कराए हैं। सूचना देने और गिरफ्तार कराने वाले को एक-एक हजार रुपए का इनाम देने की घोषणा की गई है।