पीथमपुर म.प्र. की औद्योगिक एवं रोजगार देने वाली राजधानी : मुख्यमंत्री श्री चौहान
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि पीथमपुर मध्यप्रदेश की औद्योगिक एवं रोजगार देने वाली राजधानी बन गया है। यहाँ बड़े पैमाने पर उद्योग स्थापित हुए हैं और उद्योगों के लिये निवेश आने का क्रम जारी है। यहाँ बेटियों के लिये अलग से महिला उद्यमी पार्क बनाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री श्री चौहान पीथमपुर में रोजगार दिवस और "एक जिला-एक उत्पाद'' कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने 1371 करोड़ रूपये के विकास कार्यों की सौगात दी और 3 लाख 19 हजार युवाओं को स्व-रोजगार से जोड़ने के लिये 2577 करोड़ रूपये की ऋण राशि का वितरण किया। साथ ही महाराणा प्रताप और शिवाजी महाराज की प्रतिमा का अनावरण किया। मुख्यमंत्री ने महिला उद्यमी पार्क का भूमि-पूजन कर 21 महिला उद्यमियों को भूमि आवंटन-पत्र भी सौंपे।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश में सांस्कृतिक मूल्यों की स्थापना के लिये सांस्कृतिक पुनरुत्थान के कार्य शुरू हो गये हैं। वाग्देवी की प्रतिमा, जो इस समय इंगलैंड में है, को पुन: मध्यप्रदेश लाने के प्रयास किये जा रहे हैं। कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। उज्जैन में श्री महाकाल लोक बनाया गया है। ओंकारेश्वर में आदि शंकराचार्य की प्रतिमा स्थापना का कार्य चल रहा है।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार युवाओं को रोजगार और स्व-रोजगार देने के लिये रात-दिन एक कर रही है। अगले एक वर्ष में एक लाख रिक्त सरकारी पदों पर भर्ती की जायेगी। नवम्बर माह में 40 हजार रिक्त पदों में भर्ती के लिये विज्ञापन जारी हो जायेंगे।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि पीथमपुर में 1100 एमएसएमई इकाइयों में 12 हजार 777 करोड़ रूपये का निवेश है और 38 हजार 770 लोगों को रोजगार मिला है। यहाँ 95 बड़ी औद्योगिक इकाइयाँ स्थापित हैं, जिसमें 26 हजार 320 करोड़ रूपये का निवेश है और 53 हजार 493 लोगों को रोजगार मिला है। इस तरह से कुल एक लाख से अधिक लोगों को रोजगार मिला हुआ है। पीथमपुर के फार्मा सेक्टर ने दुनियाभर को कोविड में दवाएँ पहुँचा कर अद्भुत काम किया है।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि किसान भाइयों से जमीन लेकर 12 हजार 500 हेक्टेयर में नया निवेश क्षेत्र स्थापित किया जायेगा, जिसमें एक लाख लोगों को रोजगार मिलेगा। पीथमपुर अद्भुत औद्योगिक क्षेत्र है। यहाँ औद्योगिक इकाइयाँ लगातार निवेश करती जा रही हैं। यहाँ के औद्योगिक उत्पादों का 11 हजार करोड़ रूपये का निर्यात विभिन्न देशों में किया जाता है।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि पीथमपुर में सड़कों के निर्माण के लिये 15 करोड़ रूपये दिये जायेंगे। यहाँ राजस्व अनुभाग बना कर स्थाई रूप से एसडीएम कार्यालय स्थापित किया जायेगा। पीथमपुर अस्पताल का सिविल अस्पताल में उन्नयन किया जायेगा। स्थानीय जन-प्रतिनिधियों द्वारा की गई क्षेत्रीय विकास की गई माँगों को भी पूरा किया जायेगा।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश की धरती पर कोई भी गरीब परिवार बिना आवास के नहीं रहेगा। ऐसे सभी परिवारों को मुख्यमंत्री भू-आवासीय योजना में जमीन देकर उसका मालिक बनाया जायेगा। सभी पात्र लोगों के आवास भी बनाये जायेंगे। अकेले धार जिले में ही एक लाख गरीबों के मकान बन चुके हैं।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि पूर्व सरकार ने संबल और मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना जैसी हमारी अनेक कल्याणकारी योजनाएँ बंद कर दी थी। ऐसी सभी बंद योजनाओं को हमने पुन: शुरू कर जनता को उसका लाभ देना शुरू कर दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि गरीब परिवार के मेधावी विद्यार्थियों की उच्च शिक्षा की फीस राज्य सरकार भरेगी। पढ़ाई के साथ रोजगार की व्यवस्था के लिये भी सरकार निरंतर अभियान चला रही है।