विधानसभा चुनाव से तीन माह पहले कांग्रेस जारी करेगी भाजपा के विरुद्ध आरोप पत्र
भोपाल. मध्य प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से तीन माह पहले प्रदेश कांग्रेस कमेटी भाजपा सरकार के विरुद्ध आरोप पत्र जारी करेगी। इसे तैयार करने के लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ ने विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डा. गोविन्द सिंह और पूर्व विधायक पारस सकलेचा की समिति बनाई है। इसने तैयारी शुरू कर दी है और चिन्हित विषयों से जुड़ी प्रामाणिक जानकारी प्राप्त करने के लिए विधायकों के माध्यम से विधानसभा के आगामी शीतकालीन सत्र में प्रश्न और ध्यानाकर्षण सूचनाओं के आवेदन दिए जाएंगे। आरोप पत्र की पुस्तिका छपवाकर घर-घर बांटी जाएगी।
प्रदेश कांग्रेस ने भाजपा सरकार को घेरने के लिए संभाग स्तर पर आंदोलन करने के साथ आरोप पत्र जारी करने की योजना बनाई है। पारस सकलेचा ने बताया कि चुनाव से तीन माह पहले आरोप पत्र राज्य स्तर पर जारी करने के बाद जिलों में सरकार की विफलता बताने के लिए पत्रकारवार्ता आयोजित की जाएगी। पार्टी जो भी आरोप लगाएगी, उसके प्रमाण भी प्रस्तुत करेगी।
इसके लिए विधानसभा से तथ्य जुटाने के अतिरिक्त सूचना का अधिकार कानून (आरटीई) के तहत भी जानकारियां प्राप्त की जा रही हैं। विभिन्न् क्षेत्रों में काम कर रहे गैर सरकारी संगठनों का भी सहयोग लिया जा रहा है। आरोप पत्र में सरकार द्वारा किए गए वादे और उन पर अमल की स्थिति, निर्माण कार्यों में भ्रष्टाचार, राशन वितरण में गड़बड़ी, किसानों के अनुदान में गड़बड़ी, बेरोजगारी, महिला सुरक्षा व सम्मान, कानून-व्यवस्था, अनियमितता और अर्थव्यवस्था से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से शामिल किए जा रहे हैं।