गुजरात: वडोदरा में धार्मिक झंडे को लेकर दो गुटों में झड़प, 40 गिरफ्तार, खेड़ा में भी बवाल

वडोदरा. गुजरात के वडोदरा में सावली शहर की एक सब्जी मंडी में विभिन्न धर्मों के दो समूहों के बीच झड़प की घटना सामने आई है. यहां दो गुटों के लोगों ने एक दूसरे पर पत्थरबाजी की है. पथराव से वहां खड़े वाहनों को भी नुकसान पहुंचाया गया है. गुजरात पुलिस ने सोमवार को झड़प के बाद 40 लोगों को गिरफ्तार किया है. समाचार एजेंसी ANI के अनुसार पुलिस ने मामले में एफआइआर दर्ज कर ली है. वहीं खेड़ा स्थित उंधेला गांव में भी सोमवार बीती रात नवरात्रि समारोह के दौरान पत्थरबाजी की घटना सामने आई है.

वडोदरा ग्रामीण पुलिस पीआर पटेल ने बताया कि मुस्लिमों का एक त्‍योहार आने वाला है जिसके चलते एक स्‍थानीय समूह के लोगों ने धार्मिक झंडे को इलेक्ट्रॉनिक पोल पर बांध दिया था और पास में ही एक मंदिर है जिसे लेकर विवाद हुआ था. धार्मिक झंडे पर हिंदू समाज ने आपत्ति जताई और कहा कि इससे उनकी धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची है. इसके बाद देखते ही देखते झगड़ा बढ़ने लगा और पत्‍थरबाजी शुरू हो गई जिसमें वहां खड़े कई वाहन क्षतिग्रस्‍त हो गए.
शनिवार देर रात दोनों समूहों द्वारा क्रॉस एफआईआर दर्ज की गई. इसके बाद 43 लोगों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की दंगा फैलाने, गैरकानूनी सभा, मानव जीवन को खतरे में डालने आदि के लिए मामला दर्ज किया गया. वडोदरा पुलिस अधिकारी ने कहा कि दोनों पक्षों के 25 और 15 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.

दोनों पक्षों के बीच दोबारा से बवाल होने या दंगा भड़कने की आशंका के चलते फिलहाल वड़ोदरा पुलिस चौक चौराहों पर मुस्तैद है. इसके साथ ही मौके पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है. इलाके में रुटीन गश्त को भी बढ़ा दिया गया है. पुलिस ने उपद्रवियों को चेतावनी भी दी है कि किसी ने भी कानून हाथ में लेने की कोशिश की तो उसके साथ सख्ती से निपटा जाएगा.