हिंसा और खून-खराबा कर प्रदेश की शांति भंग करने वालों को बख्शा नहीं जायेगा - मुख्यमंत्री श्री चौहान
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश शांति का टापू हैं। हिंसा और खून-खराबा कर प्रदेश की शांति को भंग करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जायेगा। राज्य सरकार नक्सल उन्मूलन में जान की बाजी लगाने वाले हमारे जांबाज वीर जवानों को क्रम पूर्व (आऊट ऑफ टर्न) प्रमोशन देकर उनका सम्मान कर रही है। हम पुलिस एवं सुरक्षा बलों के जवानों के जज्बे को सलाम करते हैं। मुख्यमंत्री श्री चौहान आज पुलिस लाईन बालाघाट में जवानों को आऊट ऑफ टर्न प्रमोशन समारोह को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने आऊट ऑफ टर्न प्रमोशन पाने वाले 31 जवानों को बैच लगाकर सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि आज पुलिस जवानों को आउट ऑफ टर्न प्रमोशन देने का अद्भूत अवसर है। इन जवानों के विपरीत परिस्थितियों में कठिन परिश्रम करने से ही हमारे गाँव एवं शहर सुरक्षित हैं। जब हम अपने घर पर परिवार के साथ तीज त्यौहार मना रहे होते हैं, तब हमारे जवान घने जंगलों एवं पहाड़ों पर अपनी जान जोखिम में डाल कर हमारी सुरक्षा में लगे रहते है। इसमें सबसे बड़ी भूमिका हमारे पुलिस एवं सुरक्षा बल के जवानों के परिवार की माताओं एवं बहनों की होती है। इन माताओं एवं बहनों के हौंसले से ही हमारे जवान जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों को निभाते हैं। इसके लिए प्रदेश की साढ़े आठ करोड़ जनता आपकी आभारी है।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि अगर वीरों का सम्मान नहीं किया जायेगा, तो वीरता बांझ हो जायेगी। राज्य सरकार, प्रदेश में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाये रखने वाले जवानों के साथ खड़ी है। उन्हें किसी तरह की परेशानी नहीं होने देंगे। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि मैं जून माह में कान्हा पार्क आया था तो जवानों को कठिन परिस्थितियों में घने जंगलों में ड्यूटी करते देखा था। मैंने जवानों से चर्चा कर उनकी समस्याओं को भी सुना था। उसके बाद भोपाल जाकर निर्णय लिया कि नक्सल उन्मूलन में लगी हाक फोर्स के जवानों को सातवें वेतनमान के अनुसार 70 प्रतिशत प्रोत्साहन भत्ता दिया जायेगा। हमारी सरकार नक्सल उन्मूलन अभियान में जान की बाजी लगा कर कार्य करने वाले जवानों को आऊट आफ टर्न प्रमोशन दे रही है। हमारी सरकार जवानों के बच्चों की शिक्षा और बीमारी के उपचार पर भी ध्यान दे रही है।