स्ट्रीट वेंडर्स के कल्याण के लिए लगाए जाएंगे बहुउद्देशीय शिविर : मुख्यमंत्री श्री चौहान

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश के पथ विक्रेताओं के कल्याण के लिए बहुउद्देशीय शिविर लगाकर उन्हें लाभान्वित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश के अन्य नगरों में भी पथ विक्रताओं को सभी योजनाओं का लाभ दिलाने के प्रयास किए जाएंगे। मुख्यमंत्री श्री चौहान आज निवास पर “मुख्यमंत्री की बात पथ विक्रेताओं के साथ” कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कार्यक्रम का शुभारंभ कन्या-पूजन से किया और पथ विक्रेताओं का स्वागत गुलाब की पँखुड़ियों की वर्षा कर किया। इस दौरान नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह भी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि आज यहाँ जो स्ट्रीट वेंडर्स आए हैं उनमें से अधिकांश प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा प्रारंभ पीएम स्वनिधि योजना से लाभान्वित हो चुके हैं। इनमें चाट का ठेला लगाने, सब्जी बेचने, गोबर के दीपक और मूर्तियाँ बनाने वाले, फल विक्रेता, चाय-नाश्ते का ठेला लगाने वाले, सिलाई कार्य करने वाले, बैग और रजाई बनाने का कार्य करने वाले, आर्टिफिशियल ज्वेलरी बेचने वाले, ठेले पर कपड़े बेचने वाले और मोची का कार्य करने वाले शामिल हैं। अनेक हितग्राहियों ने लिया गया ऋण चुका कर दोबारा दोगुना ऋण प्राप्त कर लिया है। यह इनके आत्म-निर्भर बनने की आकांक्षा का परिचायक है। राज्य सरकार स्ट्रीट वेंडर्स को अधिक से अधिक योजनाओं से लाभान्वित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने किया बच्चों का उत्साहवर्धन

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कार्यक्रम प्रारंभ होने पर गणेश वंदना प्रस्तुत करने वाले बाल कलाकारों जया तिवारी, नंदिनी और अभिका जैन की प्रतिभा की प्रशंसा की। उन्होंने ढोलक की जुगलबंदी करने वाले बच्चों को भी प्रशिक्षण दिलवाने के निर्देश दिए। उनसे शिक्षा के संबंध में जानकारी प्राप्त की और अन्य रूचियों के बारे में भी पूछा। बच्चों की प्रस्तुति की मुख्यमंत्री ने खुले दिल से सराहना की। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि निर्धन होते हुए प्रतिभा संपन्न होना अति महत्वपूर्ण है। अभावों के साथ रहते हुए अपनी प्रतिभा को विकसित करने के प्रयास प्रशंसनीय हैं। कार्यक्रम में समूह नृत्य, ढोलक जुगलबंदी और कठपुतली शो हुए। समूह लोक नृत्य में “राधा कैसे न जले” गीत पर बालिकाओं ने लयबद्ध कार्यक्रम प्रस्तुत किया।

स्ट्रीट वेंडर्स से भी चर्चा की

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने जहांगीराबाद में काम करने वाले श्री रत्नेश से उनके कार्य के बारे में पूछा। उनकी बेटी दाक्षी ने कार्यक्रम में राधा की भूमिका में प्रस्तुति दी। श्री रत्नेश ने कहा कि उन्हें कोविड संक्रमण काल के समय योजना से 10 हजार रूपये का सहारा मिला। पीएम निधि योजना के अनुसार ऋण चुकाने पर उन्हें 20 हजार रूपये का ऋण प्राप्त हुआ। उनकी बिटिया दाक्षी की नृत्य में रूचि रही है। कक्षा पहली में पढ़ने वाली दाक्षी आगे चल कर पुलिस में नौकरी करना चाहती है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने पंचवटी निवासी सब्जी और फल विक्रेता श्री राजू राव से भी चर्चा की। राजू ने भी योजना में 10 हजार रूपये का ऋण चुकता कर दोबारा 20 हजार की राशि ऋण के रूप में प्राप्त की है। कोरोना के समय उन्हें मुफ्त राशन योजना का लाभ भी मिला। उनका आयुष्मान कार्ड भी बना हुआ है। राजू ने स्थाई रूप से स्थान दिलवाने का अनुरोध किया, जिस पर मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कलेक्टर भोपाल को निर्देश दिए।