सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से जन-कल्याण के कार्यों को बढ़ाएँ : मुख्यमंत्री श्री चौहान


मध्यप्रदेश में जन अभियान परिषद ने जिस तरह कोरोना काल में सामाजिक संस्थाओं और समाजसेवी बंधुओं को एकत्र और संगठित कर उनका समाजहित में लाभ लिया उसी तरह बेटी बचाओ, जल-संरक्षण, हरियाली के विकास ,नशा मुक्ति,स्कूल चलें हम अभियान और प्रदेश के ग्रामों और नगरों के गौरव दिवस के कार्यक्रमों के लिए भी परिषद अपने प्रयास बढ़ा सकती है। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान मंत्रालय में योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में वित्त और योजना आर्थिक एवं सांख्यिकी मंत्री श्री जगदीश देवड़ा उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि जन अभियान परिषद के नेटवर्क से जुड़ी प्रस्फुटन समितियाँ और नवांकुर संस्थाएँ सामाजिक परिवर्तन की संवाहक हो सकती हैं। इन्हें वृक्षा-रोपण के कार्य से भी जोड़ा गया है। यह समितियाँ समाज की बड़ी ताकत हैं। अंकुर अभियान में भी इन समितियों को सक्रिय किया जाए। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि ये समितियाँ दक्षतापूर्वक कार्य करें।इसके लिए निरंतर मानीटरिंग भी की जाए।