राष्ट्रभक्ति के भाव से हृदय को भर कर लें हर घर तिरंगा फहराने का संकल्प : मुख्यमंत्री श्री चौहान

"इंदौर की हर गली, हर सड़क आज तिरंगामय थी, वृद्धों से लेकर बच्चों तक हर किसी के हाथ में तिरंगा था, हर घर में तिरंगा लहरा रहा था। इंदौर सच में अद्भुत शहर है और आज इसने यह सिद्ध कर दिया-" इन शब्दों के साथ मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने आज इंदौर में राजमोहल्ला से लेकर राजबाड़ा तक निकली तिरंगा यात्रा का समापन किया। तिरंगा यात्रा में पर्यटन और संस्कृति मंत्री सुश्री उषा ठाकुर, श्री मुरलीधर राव, सांसद श्री शंकर लालवानी, राज्यसभा सदस्य सुश्री कविता पाटीदार, विधायक श्रीमती मालिनी गौड़, विधायक द्वय श्री रमेश मेंदोला एवं श्री आकाश विजयवर्गीय, आईडीए अध्यक्ष श्री जयपाल सिंह चावड़ा, महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव, पूर्व विधायक श्री जीतू जिराती और श्री सुदर्शन गुप्ता, श्री मधु वर्मा, श्री गौरव रणदिवे सहित विभिन्न धर्मों के धर्मगुरु तथा जन-प्रतिनिधि शामिल हुए।

स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति के प्रकटीकरण का त्यौहार

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि तिरंगा हमारे देश का गौरव है। आजादी के अमृत काल में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को हर घर तिरंगा फहराने का आहवान किया है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति की भावना के प्रकृटीकरण का त्यौहार है। हजारों क्रांतिकारियों ने अपनी जान न्यौछावर कर यह आजादी हमें भेंट की है। आज समय आ गया है कि हम उनके ऋण को उतारें। हर घर तिरंगा अभियान वीर क्रांतिकारियों को सच्ची श्रद्धांजलि देने का उत्सव है।

अद्भुत वातावरण का हो निर्माण, संपूर्ण देश हो जाए एक

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने प्रदेश की जनता का आहवान किया कि हर गाँव, हर कस्बे, हर शहर, हर वर्ग का व्यक्ति कल से अपने घरों में तिरंगा लहराने का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि सभी प्रदेशवासी अपने घर, प्रतिष्ठान, संस्थान, निजी एवं शासकीय कार्यालय में तिरंगा फहरायें। उन्होंने कहा कि हम सभी इस अभियान में ऐसे वातावरण का निर्माण करें, जो हमारे देश की "अनेकता में एकता'' के ध्येय का प्रत्यक्ष उदाहरण बने।